Asian Games Cricket, Aaj Kiska Match Hai, Today Match Schedule: एशियन गेम्स 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता अब अपने क्वार्टर फाइनल्स तक पहुंच चुकी है और कई बड़ी टीमें यहां भिड़ंत के लिए तैयार हैं। जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे 20वें एशियन गेम्स में आज दो क्वार्टर फाइनल टी20 मैच खेले जाएंगे। इसमें चार टीमों के बीच मुकाबला है, जिनमें तीन टीमें ऐसी हैं जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शीर्ष स्तर पर लगातार सक्रिय रही हैं। तो आइए जान लेते हैं कि आज एशियन गेम्स क्रिकेट में किसका-किसका मैच होना है।
आज एशियन गेम्स क्रिकेट में दो बड़े मुकाबले (Instagram)
आज का पहला मैच, बारिश का कारण रद्द हुआः जापान में जारी एशियन गेम्स में आज का पहला टी20 मैच हांगकांग क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच खेला जाना था। दोनों टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी और आज इनके बीच एशियन गेम्स का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला होना था। हालांकि, खराब मौसम के कारण ये मैच शुरू ही नहीं हो सका और पाकिस्तान वरीयता के हिसाब से एशियन गेम्स सेमीफाइनल में पहुंच गया है।
आज का दूसरा मैचः एशियन गेम्स 2026 में आज का दूसरा टी20 क्वार्टर फाइनल मैच दिलचस्प और शानदार होने वाला है। ये मुकाबला होगा भारत और अफगानिस्तान के बीच। मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा, जबकि मैच का टॉस 10:00 बजे होगा। श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम अब तक अपराजित रही है। जबकि, दारविश रसूली (Darwish Rasooli) की कप्तानी में खेल रही अफगानी टीम एशियन गेम्स के पहले मैच में मेजबान जापान को हराने में तो सफल रही थी, लेकिन अपने पिछले मैच में उन्हें नेपाल ने चौंकाया और 5 विकेट से शिकस्त दे दी थी। (IND vs AFG T20 Match Latest Updates: यहां क्लिक करके जानिए मैच के ताजा अपडेट)
भारतीय टी20 टीमः श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतिश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, यश ठाकुर, वैभव सूर्यवंशी और विपराज निगम।
अफगानिस्तान टी20 टीम: दारविश रसूली (कप्तान), करीम जनत, नांगेयालिया खरोटी, अब्दुल्लाह अहमदजइ, खालिद तानीवाल, मोहम्मद अकरम, फरीदून दाउदजइ, फरमानुल्लाह सफी, हसन इसाखिल, फैसल शिनोजादा, अरब गुल मोमांद, मोहम्मद इशाक, इमरान मीर, नजीबुल्लाह जदरान और इस्मत आलम।
भारत-अफगानिस्तान टी20 क्वार्टर फाइनल मैच में कैसा रहेगा मौसम?
आज एशियन गेम्स में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच का आयोजन आईची के निशिन (Nisshin) में होने वाला है। इसी मैदान पर आज पहले हांगकांग और पाकिस्तान का मैच होना था जो खराब मौसम, बारिश और तूफान के अनुमान के बीच रद्द हो गया था। अब भारत-अफगानिस्तान मैच भी यहीं होने वाला है। फिलहाल यहां बारिश हो रही है और आसार मैच के लिए ठीक नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम करवट बदले तभी मैच मुमकिन हो पाएगा। यहां का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने का अनुमान है। उमस भी यहां पर बहुत ज्यादा रहने वाली है।
