स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2027 के ऑक्शन की तैयारी तेज हो गई है। मंगलवार को बीसीसीआई ने सभी फ्रेंचाइजियों को रजिस्टर किए गए खिलाड़ियों की सूची सौंपी। मजे की बात यह है कि बांग्लादेश के 12 खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर किया है। हालांकि, मुस्तफिजुर रहमान और शाकिब अल हसन का नाम लिस्ट में नहीं है।
बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने आईपीएल के लिए किया रजिस्ट्रेशन। फोटो- BCB
पिछले साल के विवाद को देखते हुए बांग्लादेश के खिलाड़ियों का होना हैरानी की बात है। भारत और उसके पूर्वी पड़ोसी के बीच जियोपॉलिटिकल तनाव के बीच BCCI के निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना पड़ा। जिन्हें उन्होंने पिछले साल के मिनी-ऑक्शन में INR 9.2 करोड़ में खरीदा था।
इन खिलाड़ियों ने किया रजिस्ट्रेशन
जिन बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। उनमें हसन महमूद, परवेज हुसैन इमोन, रिपन मोंडोल, रिशाद हुसैन, सैफ हसन, शाक महेदी हसन, शमीम हुसैन, शोरीफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब, तौहीद हृदॉय, एमडी रुबेल और तस्कीन अहमद शामिल हैं। इन 12 खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए रजिस्टर किया है।
बीसीसीआई द्वारा फ्रेंचाइजियों को सौंपी गई रजिस्टर लिस्ट में कुल 1,220 खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी हैं। लिस्ट में 184 कैप्ड भारतीय खिलाड़ी, 170 कैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी, एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी, पिछले IPL सीजन में खेलने वाले 127 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी, 628 दूसरे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी और 69 अनकैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी शामिल हैं। आईपीएल 2027 ऑक्शन में कुल 66 स्लॉट खाली हैं, जिसमें 25 विदेशी स्पॉट शामिल हैं। 16 दिसंबर को गोवा में भारतीय समयानुसार, सुबह 11 बजे से ऑक्शन किया जाएगा।
क्या था विवाद
बांग्लादेश में हुए हिन्दुओं पर हमले के बाद से दोनों देशों के रिश्ते में खटास आ गई थी। इसके बाद बीसीसीआई पर दबाव बढ़ा कि वो आईपीएल 2026 से बांग्लादेशी खिलाड़ियों को बाहर करे। भारी विरोध के बाद केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना पड़ा। इसके बाद बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप के अपने मैच भारत के बजाय दूसरे वेन्यू पर कराने की मांग कर दी। हालांकि, आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर और बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में जगह दी गई।
