Badminton Asia Team Championship 2024: भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, पहली बार पक्का किया पदक

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 16, 2024, 09:25 PM IST

पीवी सिंधु की अगुवाई वाली भारतीय महिला टीम एशियाई टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप में पहली बार कोई पदक पक्का करने में सफल हुई।

शाह आलम (मलेशिया): भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने शुक्रवार को हांगकांग पर 3-0 की जीत के साथ बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप (बीएटीसी) में अपना पहला पदक पक्का किया लेकिन पुरुष टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से 2-3 से हार गयी। शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन को हराकर ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहने के बाद भारत ने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, अस्मिता चालिहा और अश्विनी पोनप्पा तथा तनीषा क्रास्टो की युगल जोड़ी की जीत के दम पर हांगकांग को हराया। अब भारत का मुकाबला जापान और चीन के बीच होने वाले एक अन्य क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। भारतीय पुरुष टीम ने साहसिक प्रयास किया लेकिन नर्वस किदाम्बी श्रीकांत अंत में निर्णायक पांचवें मैच में हार गये। भारत ने 2016 और 2020 चरण में पुरुष टीम स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीते थे।

PV Sindhu

पीवी सिंधु

पीवी सिंधु ने चोट से उबरकर की धमाकेदार वापसी

चोट के कारण लंबे समय बाद वापसी करते हुए सिंधू ने अपने से निचली रैंकिंग वाली लो सिन यान हैप्पी के खिलाफ कड़े मुकाबले में 21-7, 16-21, 21-12 से जीत दर्ज की। इसके बाद तनीषा और अश्विनी की महिला युगल जोड़ी ने येयुंग एनगा टिंग और येयुंग पुई लैम की दुनिया की 18वें नंबर की जोड़ी को 35 मिनट में 21-10, 21-14 से हराकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। अस्मिता ने येयुंग सुम यी पर 21-12, 21-13 की आसान जीत से भारत की जीत सुनिश्चित की और टीम के लिए कम से कम कांस्य पदक पक्का किया।

End of Feed