नागोया: भारतीय मुक्केबाज परवीन ने महिला 65 किग्रा वर्ग में गुरुवार को यहां ताजिकिस्तान की मलिका नोजिमोवा के खिलाफ वाकओवर मिलने के बाद एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जबकि उनके हमवतन साक्षी चौधरी (51 किग्रा)और सुमित (70 किग्रा) प्रतियोगिता से बाहर हो गए। वाडा 'वेयर अबाउट' नियम के उल्लंघन के कारण निलंबन झेलने के कारण एशियाई खेलों का कांस्य पदक और ओलंपिक कोटा गंवाने वाली परवीन ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं जो 65 किग्रा के नए वजन वर्ग में उनकी पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थी।
सुमित और साक्षी चौधरी (फोटो Sony liv Screen Grab)
साक्षी को मिली कजाखस्तान की मुक्केबाज के खिलाफ हार
इससे पहले साक्षी चौधरी 51 किलो वर्ग में कजाखस्तान की अलुआ बाल्कीबेकोवा से प्री क्वार्टर फाइनल में 2-3 से हारकर बाहर हो गईं। हरियाणा की 26 वर्ष की साक्षी ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था लेकिन यहां वह लय कायम नहीं रख सकीं। पहले दौर के बाद कजाखस्तान की मुक्केबाज 3-2 से आगे थीं। दूसरे दौर में साक्षी ने आक्रामकता दिखाई लेकिन बाल्कीबेकोवा ने 3-2 के अंतर से फिर बढ़त बनाई। आखिरी दौर में साक्षी वापसी करने में नाकाम रहीं।
घुटने में चोट लगने के बाद मुकाबले से हटे सुमित
इससे पहले सुमित पुरुषों के 70 किलो प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इराक के अल सारे अली के खिलाफ चोट के कारण बाहर हो गए। हरियाणा के 23 वर्ष के सुमित पहले दो दौर में आगे थे लेकिन तीसरे दौर में एक मुक्के से बचने के प्रयास में उन्हें घुटने में चोट लगी और वह गिर गए। इसके बाद वह आगे खेल नहीं सके और रैफरी ने मुकाबला रोककर विरोधी को विजेता घोषित कर दिया। सुमित ने पहले मुकाबले में थाईलैंड के बुंजोंग सिनसिरी को 5-0 से हराया था।
(भाषा)
