PWR DUPR India Masters: पीडब्लूआर डीयूपीआर इंडिया मास्टर्स का चौथा दिन भी काफी शानदार रहा। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भारत के उभरते सितारे अरमान भाटिया ने इतिहास रचा। उन्होंने अपने सभी तीनों मुकाबले में जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया। दिल्ली लॉन टेनिस एसोसिएशन (DLTA) स्टेडियम के सेंटर कोर्ट में खेले गए सभी फाइनल गेम खिलाड़ियों ने अपनी बहुप्रतीक्षित जीत हासिल करने के लिए जमकर संघर्ष किया। चार दिवसीय कार्यक्रम में अंडर 12 से लेकर 60+ तक की 33 कैटेगरी में 2,300 से अधिक मैच हुए। यह एशिया का सबसे बड़ा पिकलबॉल टूर्नामेंट बन गया। प्रो (ओपन) श्रेणियों में कुछ सर्वश्रेष्ठ भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभाएं शामिल हुई, जिन्होंने न केवल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, बल्कि विभिन्न कैटेगरी में प्रतिस्पर्धा करने वाले अन्य एथलीटों के लिए अपार समर्थन भी दिखाया।
बाएं से दाएं: प्रणव कोहली (पीडब्ल्यूआर के सीईओ), विनीत जैन (एमडी - द टाइम्स ग्रुप और चांसलर, बेनेट यूनिवर्सिटी), अरमान भाटिया और रोहित राजपाल (भारत के गैर-खिलाड़ी डेविस कप कप्तान)
महिला कैटेगरी में यूएसए खिलाड़ी का दबदबा
प्रो (ओपन) महिला सिंगल्स कैटेगरी में यूएसए की सोफिया सिविंग का दबदबा देखने को मिला। टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में यूएसए की सोफिया ने चीनी-ताइपे की खिलाड़ी काओ पेई-चुआन के खिलाफ जीत हासिल की। उन्होंने दो बैक-टू-बैक गेम में जीत हासिल की। उन्होंने यह उपलब्धि हासिल करने के लिए 11-3 और 11-2 का स्कोर बनाया।
अरमान ने जीते सभी मुकाबले
प्रो (ओपन) पुरुष सिंगल्स कैटेगरी में अरमान भाटिया का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने अपने सभी कैटेगरी में जीत हासिल की। भारत के अरमान ने यूएसए के डस्टी बॉयर के साथ रैकेट की कड़ी टक्कर ली। पहला गेम 11-8 से हारने के बाद अरमान ने डस्टी के साथ कड़ी टक्कर ली और 11-9 के स्कोर के साथ जीत हासिल की। मैच का तीसरा और अंतिम गेम भी उतना ही रोमांचक रहा, जिसमें डस्टी ने 8-0 की बढ़त ले ली। हालांकि, अरमान ने वापसी की और जल्दी ही स्कोर 8-8 कर दिया और आखिरकार 11-8 के मजबूत स्कोर के साथ जीत हासिल की।
ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी को मिली हार
इसके अलावा चौथा प्रो (ओपन) फाइनल मैच मिक्स्ड डबल्स था, जिसमें इंडो-डच जोड़ी अरमान भाटिया और रूस वान रीक ने ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी जॉर्ज वॉल और डैनी ई. टाउनसेंड को रोमांचक मुकाबले में हराया। अरमान-वान रीक ने अपना पहला सेट 11-5 से जीता, लेकिन वॉल-टाउनसेंड ने जोरदार वापसी करते हुए 11-10 से जीत हासिल की और मैच को बराबर कर दिया। निर्णायक सेट में अरमान-वान रीक ने लगातार खेलते हुए 11-1 के स्कोर से जीत हासिल की। इसी तरह भारत के अरमान भाटिया और हर्ष मेहता की जोड़ी ने प्रो (ओपन) के अंतिम मैच में मिशेल हरग्रीव्स और रोमन एस्टारेजा की ऑस्ट्रेलियाई-अमेरिकी जोड़ी को हराया। अरमान ने रात की अपना तीसरा और अंतिम जीत हासिल की। पहले गेम में भारतीय जोड़ी ने 11-3 का स्कोर बनाया और दूसरे सेट में उन्होंने अपनी बढ़त बनाए रखी और 11-2 से शानदार जीत दर्ज की।
डच-ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी का जलवा
दिन के तीसरे प्रो (ओपन) मैच में डच-ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी रूस वान रीक और कैटलिन हार्ट ने एक्शन से भरपूर खेल के बाद महिला डबल्स का खिताब जीता। उन्होंने एशियाई जोड़ी युचीह हसीह और शियाओ यी वांग-बेकवॉल के खिलाफ खेला, जिसमें पहला गेम 11-5 से जीता। हसीह और वांग-बेकवॉल ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 11-8 से जीता। इसी तरह तीसरे और अंतिम गेम में वान रीक-हार्ट ने 11-7 से जीत हासिल करके मुकाबला जीत लिया।
अरमान ने अपने अनुभव के बारे में किया खुलासा
अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए अरमान ने कहा, "मुझे दुनिया के कुछ बेहतरीन पिकलबॉल खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने और जीतने की खुशी है। मुझे यह अवसर पाकर सम्मानित महसूस हो रहा है और मैं सभी के प्यार के लिए आभारी हूं। मैं भारत में इस तरह के और भी टूर्नामेंट खेलने के लिए उत्सुक हूं।"
पिकलबॉल को उत्साही फैंस तक पहुंचाया
वहीं, टूर्नामेंट के निदेशक मिहिर खंडेलवाल ने कहा, "पीडब्लूआर डीयूपीआर इंडिया मास्टर्स के चार दिन वाकई अद्भुत रहे। हमने न केवल कुछ अच्छे मुकाबले देखे, बल्कि टूर्नामेंट ने पिकलबॉल प्रशंसकों को एक मंच पर ला खड़ा किया। हमें इस बात की भी खुशी है कि हम इतने सारे पिकलबॉल उत्साही लोगों तक पहुंच पाए और एक मजबूत समुदाय का निर्माण कर पाए।"
शानदार खेल देखकर रोमांचित हूं
पीडब्लूआर के सीईओ प्रणव कोहली ने कहा, "हम इन चार दिनों में पीडब्लूआर डीयूपीआर इंडिया मास्टर्स द्वारा दिखाए गए शानदार खेल को देखकर रोमांचित हूं। भले ही पिछले कुछ वर्षों में भारत में पिकलबॉल ने तरक्की की है, लेकिन भारतीय पिकलबॉल परिदृश्य तेजी से फैल रहा है और हम आगे क्या होने वाला है, यह देखने के लिए उत्साहित हैं। मैं इस अवसर पर टूर्नामेंट में अपनी बड़ी जीत के लिए अरमान भाटिया को बधाई देना चाहता हूं।"
