माता सती के वियोग में बहे भगवान शिव के आंसू से बना कुंड, सदियों से इस मंदिर में है मौजूद

मान्यता है कि जब माता सती ने अपने प्राण त्याग दिए, तो भगवान शिव इतने व्याकुल हो गए कि उनकी आंखों से आंसुओं की धारा बहने लगी। कहते हैं कि उनके इन्हीं आंसुओं से दो पवित्र कुंड बने।

सनातन धर्म में भगवान शंकर और माता पार्वती हर किसी के आराध्य है। भोलेनाथ को पाने के लिए देवी पार्वती ने बेहद कठिन तप किया था। वैसे प्रेम कहानियों में मिलन और विरह सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है। पौराणिक कथाओं में भगवान शिव और माता सती की प्रेम कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जिसमें प्रेम है, समर्पण है और बिछड़ने का असहनीय दुख भी।

Katas Raj Temple

कटास राज मंदिर (Photo: Pakistan High Commisioner Office)

मान्यता है कि जब माता सती ने अपने प्राण त्याग दिए, तो भगवान शिव इतने व्याकुल हो गए कि उनकी आंखों से आंसुओं की धारा बहने लगी। कहते हैं कि उनके इन्हीं आंसुओं से दो पवित्र कुंड बने। इनमें से एक राजस्थान के पुष्कर में है और दूसरा पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित कटास राज मंदिर परिसर में।

माता सती के वियोग में बहाए थे आंसू

पौराणिक कथा के अनुसार, माता सती राजा दक्ष की पुत्री और भगवान शिव की पत्नी थीं। जब राजा दक्ष ने एक यज्ञ आयोजित किया और उसमें भगवान शिव का अपमान किया, तो सती यह सहन नहीं कर सकीं। उन्होंने यज्ञ की अग्नि में अपने प्राण त्याग दिए। पत्नी के वियोग में भगवान शिव गहरे शोक में डूब गए।

कहा जाता है कि वे माता सती के वियोग में पूरी सृष्टि में भटकते रहे और उनकी आंखों से आंसू बहते रहे। मान्यता है कि इन आंसुओं से दो पवित्र जलकुंड बने। एक पुष्कर में और दूसरा कटास राज में। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में स्थित इस कुंड को हिंदू श्रद्धालु बेहद पवित्र मानते हैं।

क्या है कटास राज नाम का अर्थ?

कटास राज नाम के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी जुड़ी है। इस स्थान का प्राचीन नाम 'कटाक्ष' या 'केताक्ष' बताया जाता है। संस्कृत में इसका संबंध आंसुओं से भरी आंखों या बरसती आंखों से जोड़ा जाता है। समय के साथ यही नाम बदलकर कटास हो गया।

इस मंदिर परिसर को सतघरा भी कहा जाता है, जिसका अर्थ है सात मंदिरों का समूह। यहां भगवान शिव को समर्पित मंदिरों के अलावा अन्य प्राचीन धार्मिक संरचनाएं भी मौजूद हैं।

महाभारत से भी जुड़ा है इस जगह का नाता

कटास राज मंदिर का संबंध महाभारत काल से भी है। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक पांडवों ने अपने 13 साल के वनवास का कुछ समय यहां बिताया था। यहीं यक्ष ने युधिष्ठिर से सवाल पूछे थे।

कैसा है कटास राज मंदिर का शिल्प

कटास राज मंदिर परिसर के कुछ मंदिर छठी से दसवीं शताब्दी के बीच के माने जाते हैं, जबकि कुछ संरचनाएं बाद के दौर में बनीं। यहां बौद्ध स्तूप के अवशेष और पुरानी हवेली भी मौजूद हैं।

आस्था के साथ इतिहास की भी धरोहर

कटास राज मंदिर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की साल्ट रेंज में चकवाल जिले के पास स्थित है। यह हिंदू समुदाय के प्रमुख तीर्थस्थलों में गिना जाता है। महाशिवरात्रि जैसे अवसरों पर यहां श्रद्धालुओं का विशेष महत्व रहता है। कुंड के पानी को पवित्र माना जाता है और मान्यता है कि इसमें स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है।

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed