Valmiki Jayanti 2025 - Valmiki Jayanti Ki Katha : भारत के प्राचीन ग्रंथों में महर्षि वाल्मीकि को 'आदिकवि' यानी दुनिया का पहला कवि कहा जाता है। महर्षि वाल्मीकि रामायण के रचयिता है। जो भगवान राम के जीवन का सबसे प्रमाणिक ग्रंथ है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह महर्षि वाल्मीकि ऋषि बनने से पहले एक डाकू थे? आज वाल्मीकि जयंती के अवसर पर हम आपको बताएंगे कि कैसे एक हिंसक जीवन व्यतीत करने वाला व्यक्ति ज्ञान, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलकर देश का महान कवि बन गया। आइए जानते हैं महर्षि वाल्मीकि के जीवन से जुड़ी कथा विस्तार से...
वाल्मीकि जयंती की कथा
प्राचीन काल में देश के जंगलों में एक डाकू रहा कहा करता था जिसका नाम रत्नाकर था। वह राहगीरों को लूटता, मारता और धन लूटकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। इस गलत काम के पीछे भी उसे यह लगता था कि परिवार के पालन-पोषण लिए किए गए पाप कर्म भी धर्म संगत हैं, क्योंकि वह यह सारे काम अपनी पत्नी और बच्चों के लालन-पालन के लिए करता है। एक दिन उसी जंगल में एक देवऋषि नारद मुनि निकले। डाकू रत्नाकर ने उन्हें भी लूटने का प्रयास किया, लेकिन नारद मुनि ने उससे आतंकित न होते हुए
एकदम शांत स्वर में पूछा — 'रत्नाकर, तुम यह सब किसके लिए करते हो?'
रत्नाकर ने उत्तर दिया — 'अपने परिवार के लिए।'
तब नारद मुनि ने कहा — 'क्या तुम्हारा परिवार तुम्हारे इन पापों में भागीदार बनने को तैयार है?'
नारद जी के इस सवाल ने डाकू रत्नाकर को भीतर तक हिला दिया। इसके बाग वह अपने घर गया और अपने परिवार से पूछा कि वह जिस तरीके से धर अर्जित करके उनका पालन करता है क्या उसका परिवार उसके सभी कर्मों में उसका साथी है। तो उसके परिवार के सभी सदस्यों ने मना कर दिया और कहा कि ये उनका पालन-पोषण करना आपकी जिम्मेदारी है। इसलिए उन कर्मों के जिम्मेदार भी आप ही हो। तब उसे अहसास हुआ कि वह जिनके लिए आज तक अपराध कर रहा है, वे भी उसके कर्मों की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते। यही वह एक क्षण था जिसने उसकी जीवन की दिशा ही बदल दी।
इस तरह परिवार के जवाब से हताश डाकू रत्नाकर पश्चाताप से भरा हुआ नारद मुनि के पास पहुंचा। तब देवर्षि नारद ने कहा कि “अब तुम ‘राम’ का नाम जपो, यही तुम्हारे जीवन का उद्धार करेगा।” लेकिन जीवन में किए असंख्य पापों के कारण रत्नाकर राम नाम का उच्चारण भी नहीं कर पा रहा था। तब नारद जी ने उसे 'मरा-मरा' शब्द का जाप करने को कहा। जो लगातार जपने से 'राम-राम' में परिवर्तित हो गया।
इस नाम का जाप डाकू रत्नाकर ने वर्षों तक किया। कथा है कि कई वर्षों तक जंगल में लगातार एक स्थान पर बैठकर नाम जप करने से उनके शरीर के ऊपर दीमक ने अपना घर बना लिया था। जिसके कारण उन्हें आगे चलकर वाल्मीकि (दीमक का घर) नाम से जाना गया।
निष्कर्ष
डाकू रत्नाकर से महर्षि वाल्मीकि बनने की ये कथा हमें सिखाती है कि कोई भी व्यक्ति किसी भी समय अपने जीवन में परिवर्तन कर सकता है। केवल उसके अंदर बदलाव लाने की इच्छा शक्ति हो और खुद को सुधारने का दृढ़ संकल्प हो। कथा में सिखाती है कि सच्चे मन से भगवान का नाम उल्टा जपने से भी पुण्य का फल पूरा मिलता है।
