Shardiya Navratri 2025: नवरात्रि के दिन नजदीक आ रहे हैं। नवरात्रि के 9 दिन बड़े खास होते हैं। हर साल अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से इस त्योहार की शुरुआत होती है। इन 9 दिनों में धूम-धाम से माता रानी का स्वागत किया जाता है, माता की पूजा होती है, घटस्थापना की जाती है और कन्या पूजन भी किया जाता है। यहां से आपको साल 2025 की शारदीय नवरात्रि से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां मिलेंगी।
कितने दिन की होगी शारदीय नवरात्रि?
इस साल 9 नहीं बल्कि पूरे 10 दिनों की शारदीय नवरात्रि है। असल में इस साल श्राद्ध पक्ष में एक तिथि का क्षय और नवरात्र में एक तिथि में वृद्धि हो रही है इसलिए 9 दिन की जगह 10 दिन की नवरात्रि होगी। ये 22 सितंबर को शुरू होगी और 2 अक्टूबर के दिन खत्म होगी।

शारदीय नवरात्रि का पहला दिन कब है 2025 (pic credit: canva)
नवरात्रि 2025 घटस्थापना शुभ मुहूर्त क्या है?
साल 2025 में अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 22 सितंबर को 1:23AM पर हो रही है और 23 सितंबर को 2:55AM पर खत्म होगी। ऐसे में 22 सितंबर को ही कलश स्थापना की जाएगी। कलश स्थापना के मुहूर्त की बात करें तो इस दिन सुबह 6 बजकर 9 मिनट से लेकर 8 बजकर 6 मिनट के बीच कलश स्थापना होगी। वहीं, दोपहर में अभिजीत मुहूर्त में 11 बजकर 49 मिनट से लेकर 12 बजकर 38 मिनट तक मुहूर्त है।
साल 2025 में क्या है माता रानी की सवारी?
इस साल माता रानी हाथी पर सवार होकर आ रही हैं। हाथी पर आगमन को सुख, समृद्धि और कृषि वृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
