ज्योतिष में शनि (Shani) को कर्मफल दाता की उपाधि प्राप्त है। ये लोगों को उनके कर्मों के अनुसार फल देते हैं। यानी अच्छे कर्मों का अच्छा फल और बुरे कर्मों का बुरा फल। ये व्यक्ति के कर्मों पर ही निर्भर करता है कि उन्हें शनि साढ़े साती (Shani Sade Sati) या शनि ढैय्या (Shani Dhaiya) के दौरान कैसे परिणाम प्राप्त होंगे। अधिकतर लोग ऐसा मानते हैं कि शनि हमेशा बुरे परिणाम ही देते हैं लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। शनि आपको कैसे परिणाम देंगे ये पूरी तरह से आपकी कुंडली में शनि की स्थिति और आपके कर्मों पर निर्भर करता है। चलिए आगे जानते हैं कि आने वाले दिनों में शनि किन्हें दंडित करने वाले हैं।
आ रहे हैं शनि देव, ये राशियां हो जाएं सावधान
नये साल 2023 में शनि की बदलेगी चाल (Shani Gochar 2023)
शनि 17 जनवरी 2023 में अपनी स्वराशि मकर को छोड़ दूसरी स्वराशि कुंभ में प्रवेश कर जायेंगे। फिर इस राशि में शनि देव 29 मार्च 2025 तक विराजमान रहेंगे। इस बीच वक्री चाल भी चलेंगे। 17 जून 2023 को शनि वक्री होंगे और 4 नवंबर 2023 को मार्गी हो जायेंगे। इसके बाद 30 जून 2024 को वक्री होंगे और 15 नवंबर 2024 को मार्गी हो जायेंगे।
शनि 2023 में किनकी चमकाएंगे किस्मत और किन्हें देंगे बुरे कर्मों की सजा?
शनि नये साल में कुंभ राशि में प्रवेश कर रहे हैं। इस राशि में शनि के आते ही कुछ राशियों पर शनि ढैय्या और साढ़े साती शुरू हो जायेगी तो कुछ को इससे मुक्ति मिल जाएगी। आगे आप जानेंगे 2023 में किन राशियों पर रहेगी शनि की नजर...
शनि इन राशियों को कर सकते हैं दंडित: शनि नये साल में कर्क, वृश्चिक, मकर, कुंभ और मीन वालों को दंडित कर सकते हैं। लेकिन जिन लोगों की कुंडली में शनि की स्थिति मजबूत होगी और कर्म भी अच्छे होंगे शनि उन्हें शुभ परिणाम देंगे। वहीं जिनकी कुंडली में शनि कमजोर होंगे उन्हें इस दौरान तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बता दें 17 जनवरी 2023 से कर्क और वृश्चिक वालों पर शनि ढैय्या शुरू हो जाएगी तो मकर, कुंभ के साथ मीन राशि पर शनि साढ़े साती रहेगी।
शनि इन्हें देंगे राहत: नये साल में शनि जैसे ही कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे मिथुन और तुला वालों को शनि ढैय्या से राहत मिल जाएगी वहीं धनु जातक पूरे साढ़े सात साल बाद शनि साढ़े साती से मुक्ति पायेंगे। कुल मिलाकर इन तीनों ही राशियों को शनि नये साल में बड़ी राहत देते नजर आ रहे हैं।
शनि के बुरे प्रभाव से बचने के उपाय: दांत साफ रखें। झूठ न बोलें। शराब को हाथ न लगाएं। जुआ-सट्टा न खेलें। किसी का अपमान न करें। अपंग लोगों को कष्ट न पहुंचाएं। पत्नी और पिता का सम्मान करें। नॉनवेज बिल्कुल भी न खाएं। लालच न करें।
