Sawan Somwar Ki Puja 10 Minute Mai Kaise Kare: आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में अधिकतर लोगों के लिए रोजाना पूजा-पाठ के लिए पर्याप्त समय निकाल पाना संभव नहीं हो पाता है। कई बार अन्य कारणों से भी लोग पूजा को पूरा समय नहीं दे पाते हैं। ऐसे में मन में पूजा न कर पाने का अफसोस रहता है। खासकर, किसी विशेष त्योहार या व्रत वाले दिन पूजा न करने से मन में अजीब सी बेचैनी रहती है। फिलहाल सावन का पवित्र महीना चल रहा है। यदि पूरे सावन नियमित रूप से पूजा करना आपके लिए संभव नहीं है तो कम से कम सावन के सोमवार का व्रत और पूजा जरूर करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन सोमवार के दिन तप-त्याग करने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
10 मिनट में कैसे करें सावन सोमवार की पूजा?
सावन सोमवार के दिन आप केवल 10 मिनट में भी श्रद्धापूर्वक पूजा कर सकते हैं। यहां पर सावन सोमवार की ऐसी आसान पूजन विधि के बारे में बताया गया है, जिसे मात्र 10 मिनट में पूरा किया जा सकता है।
10 मिनट में कैसे करें सावन सोमवार की पूजा?
पहले 2 मिनट:
स्नान आदि कार्य करने के बाद घर के मंदिर में गंगाजल का छिड़काव करें। गणेश जी का स्मरण करने के बाद शिव जी के साकार रूप की मूर्ति या तस्वीर के सामने घी का दीपक जलाएं। हाथ में थोड़ा जल लेकर व्रत/पूजा का संकल्प लें।
अगले 2 मिनट:
अब शिवलिंग पर जल, गंगाजल या दूध से अभिषेक करें। साथ ही अन्य पूजा सामग्री जैसे कि फल, फूल, अक्षत और प्रसाद अर्पित करें। अंत में एक बार फिर शुद्ध जल से शिवलिंग का अभिषेक करें, जिससे वो पूरी तरह से साफ हो जाए।
अगले 2 मिनट:
अब शिव जी के साकार रूप की पूजा करें। भोलेबाबा को चंदन, अक्षत, फल, फूल, जल, वस्त्र और मिठाई आदि पूजा सामग्री अर्पित करें। साथ ही मां पार्वती, कार्तिकेय जी, अशोकसुंदरी और नंदी जी का स्मरण करें।
अंतिम 4 मिनट:
शिव जी के मूल मंत्र 'ॐ नमः शिवाय' का 3, 7, 11 या 108 बार जाप करें। सावन सोमवार व्रत की कथा पढ़ने के बाद शिव जी और शिवलिंग की आरती करें। अंत में भूलचूक के लिए माफी मांगें और अपनी मनोकामना को शिव जी के सामने व्यक्त करें।
बता दें कि इस विधि से शाम में व्रत खोलने से पहले भी आप शिव जी के साकार और निराकार रूप की पूजा कर सकते हैं।
सावन 2026 और सावन सोमवार की लिस्ट
द्रिक पंचांग की गणना के अनुसार, साल 2026 में सावन 30 जुलाई से लेकर 28 अगस्त 2026 यानी श्रावण पूर्णिमा तक रहेगा। इस दौरान कुल 4 सोमवार पड़ रहे हैं। सावन के पहले सोमवार का व्रत आज 3 अगस्त को रखा जा रहा है, जिसके बाद 10 अगस्त को दूसरे सोमवार, 17 अगस्त को तीसरे सोमवार, 24 अगस्त को चौथे सोमवार व्रत की पूजा की जाएगी।
