Sawan Shivratri 2026 Upay: सावन के पवित्र महीने में आने वाली शिवरात्रि को काफी शुभ माना जाता है, जिसका व्रत हर साल श्रावण माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को रखा जाता है। इस दिन महादेव के साकार रूप यानी मूर्ति और निराकार रूप यानी शिवलिंग की पूजा की जाती है। साथ ही व्रत रखने का विधान है। मान्यता है कि सावन शिवरात्रि व्रत के सफल होने पर पापों से छुटकारा मिलता है और जीवन में खुशियों का आगमन होता है। द्रिक पंचांग की गणना के अनुसार, 30 जुलाई से शुरू हुए सावन की शिवरात्रि का व्रत आज 11 अगस्त 2026 को रखा जा रहा है।
सावन शिवरात्रि पर किए जाने वाले महाउपाय
यदि किसी कारण से आप आज सावन शिवरात्रि का व्रत नहीं रख पाए हैं तो ऐसी स्थिति में शिव कृपा प्राप्त करने के लिए कुछ विशेष उपाय कर सकते हैं।
सावन शिवरात्रि के अचूक उपाय
- जिन लोगों ने आज सावन शिवरात्रि पर व्रत नहीं रखा है, वो शिवलिंग की पूजा जरूर करें। शिव मंदिर जाएं और वहां जाकर सबसे पहले महादेव से व्रत न रख पाने के लिए माफी मांगें। फिर शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, जल, चंदन, बेलपत्र, भस्म, फल और फूल अर्पित करें। इस दौरान 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का निरंतर जाप करते रहें। अब घी का दीपक जलाएं और शिव चालीसा का 3 बार पाठ करें। अंत में आरती करें और अपनी इच्छा को भोलेबाबा के सामने व्यक्त करें।
- सावन शिवरात्रि के दिन शिव जी की मूर्ति या तस्वीर के सामने बैठकर 7 से 11 बार शिव स्तुति का पाठ करना भी शुभ होता है। इससे न सिर्फ महादेव खुश होते हैं, बल्कि अपने भक्त की इच्छाओं को भी पूर्ण करते हैं।
- पौराणिक शास्त्रों में दान को एक पुण्य कर्म माना गया है, जिसे किसी विशेष दिन करना फलदायी होता है। आज सावन शिवरात्रि के दिन आप शिव जी की कृपा पाने के लिए गरीबों को कच्चा दूध, दही, चावल, चीनी, जौ, गेहूं, काले तिल, सफेद वस्त्र, गाय का घी और जल का दान कर सकते हैं।
आज सावन शिवरात्रि के दिन न करें ये गलतियां
अगर आपने आज सावन शिवरात्रि का व्रत नहीं रखा है, फिर भी कुछ जरूरी नियमों का पालन जरूर करें। आज दोपहर के समय सोने की जगह शिव जी का स्मरण करें। दिनभर किसी भी प्रकार की तामसिक चीज न खाएं और न ही कोई नशा करें। साथ ही बाल और नाखून काटने से बचें। जितना हो सके, उतना लड़ाई-झगड़े से दूर रहें और नकारात्मक चीजों को अपने ऊपर हावी न होने दें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शिवलिंग पर क्या चढ़ाएं और क्या नहीं? जानिए नियम
