जानिए क्यों खास है भोपाल का यह प्राचीन शिव मंदिर, सावन के पहले दिन से लग जाती है भक्तों की भीड़

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 14, 2025, 05:44 PM IST

यह शिव मंदिर पहाड़ी पर स्थित है। मंदिर में एक अधूरी छत के साथ एक गर्भगृह है और गर्भगृह के प्रवेश द्वार के पश्चिम की ओर एक उठा हुआ मंच है। गर्भगृह में प्रवेश एक विशाल द्वार से होता है। मंदिर के गर्भगृह के अंदर शिखर को सहारा देने के लिए 12 मीटर के चार ऊंचे स्तंभ हैं।

सावन के महीने में भोपाल के पास स्थित भोजपुर शिव मंदिर की चर्चा न हो, ऐसा संभव नहीं है। इसे भोजेश्वर मंदिर भी कहा जाता है। यह अपने आप में स्थापत्य कला का बेजोड़ नमूना है। यह मंदिर भूमिज शैली की वास्तुकला का प्रमाण है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित है भोजपुर और यहां है मध्यकालीन शिव मंदिर, जो भोजेश्वर शिव मंदिर के नाम विख्यात है।

Temple

भोपाल के पास प्राचीन शिव मंदिर (फोटो सोर्स- Incredible India)

इस मंदिर में सावन माह के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। भोजपुर में राजा भोज के संरक्षण में 11वीं शताब्दी में निर्मित यह मंदिर भारत में परमार काल के दौरान मंदिर स्थापत्य कला के शिखर का प्रतिनिधित्व करता है। यह एक जीवंत मंदिर है, जहां भक्त कई अवसरों पर पूजा-अर्चना के लिए एकत्रित होते हैं। परमार वंश ने 9वीं से 14वीं शताब्दी तक मालवा क्षेत्र और उससे सटे भारत के पश्चिमी और मध्य भागों पर शासन किया।

End of Feed