Bali Jatra 2026 (बाली जात्रा 2026): कार्तिक पूर्णिमा का दिन हिंदू धर्म में बेहद खास माना जाता है। इस दिन जहां देशभर में देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है, वहीं ओडिशा में एक अनूठा सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव भी देखने को मिलता है, जिसे बाली जात्रा के नाम से जाना जाता है। यह उत्सव ओडिशा की प्राचीन समुद्री परंपराओं, व्यापारिक संबंधों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस साल 24 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कटक में आयोजित होने वाले वार्षिक बाली जात्रा महोत्सव का उद्घाटन करेंगी।
बाला जात्रा 2026 का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति आज करेंगी बाली जात्रा महोत्सव का उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार, 24 नवंबर को ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगी। इस दौरान वह कटक में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बाली जात्रा महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। इसके अलावा राष्ट्रपति भुवनेश्वर में होम्योपैथी पर आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद लोक भवन जाएंगी। इसके बाद शाम को कटक पहुंचकर वार्षिक व्यापार मेले का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए कटक और भुवनेश्वर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर निगरानी के लिए 38 टॉवर और करीब 1,400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस की लगभग 70 प्लाटून तैनात की जाएंगी।
क्या है बाली जात्रा महोत्सव
बाली जात्रा ओडिशा के सबसे प्रसिद्ध सांस्कृतिक उत्सवों में से एक है। इसका शाब्दिक अर्थ है बाली की यात्रा। मान्यता और ऐतिहासिक परंपराओं के अनुसार, प्राचीन समय में ओडिशा के व्यापारी समुद्री मार्ग से इंडोनेशिया के बाली द्वीप समेत दक्षिण-पूर्व एशिया के कई क्षेत्रों तक व्यापार करने जाते थे। इन यात्राओं की याद में हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बाली जात्रा का आयोजन किया जाता है। यह उत्सव ओडिशा के गौरवशाली समुद्री इतिहास और व्यापारिक संबंधों को याद करने का अवसर भी है। कटक में महानदी के तट पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव देश के बड़े सांस्कृतिक और व्यापारिक आयोजनों में गिना जाता है।
बोइत बंदाना परंपरा का महत्व
बाली जात्रा के दौरान बोइत बंदाना की परंपरा विशेष रूप से महत्वपूर्ण होती है। ओडिशा में कार्तिक पूर्णिमा की सुबह लोग नदियों, तालाबों और जलाशयों में स्नान करने के बाद पारंपरिक रूप से छोटी नावें जल में प्रवाहित करते हैं। इन नावों को कागज, केले के तने और अन्य प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया जाता है। इस परंपरा को बोइत बंदाना कहा जाता है। इसमें लोग दीपक जलाकर नावों को पानी में प्रवाहित करते हैं। यह प्राचीन नाविकों और व्यापारियों की समुद्री यात्राओं के प्रति सम्मान प्रकट करने का प्रतीक है। इस दौरान 'आ का मा बोई, पान गुंठा थाई' जैसे पारंपरिक गीत भी गाए जाते हैं।
देव दीपावली और बाली जात्रा का खास संयोग
इस साल 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी में विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली का आयोजन भी किया जा रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर भगवान शिव की नगरी काशी में दीपोत्सव मनाते हैं। इसी वजह से इस दिन गंगा घाटों पर लाखों दीपक जलाए जाते हैं। वहीं ओडिशा में इसी तिथि पर बाली जात्रा और बोइत बंदाना की परंपरा निभाई जाती है।
