Men's Health After 30: 30 की उम्र पार करने के बाद पुरुषों की जिंदगी में जिम्मेदारियां बढ़ने लगती हैं। करियर, परिवार और आर्थिक जरूरतों के बीच ज्यादातर पुरुष अपनी सेहत को प्राथमिकता नहीं दे पाते हैं। कई लोग तब तक डॉक्टर के पास नहीं जाते, जब तक शरीर में कोई परेशानी महसूस न होने लगे, लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है। हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, दिल की बीमारियां, फैटी लिवर और किडनी से जुड़ी समस्याएं शुरुआती दौर में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के शरीर में बढ़ सकती हैं।
30 की उम्र के बाद कौन सी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के एक एनालिसिस में भी पुरुषों की सेहत से जुड़ी ऐसी चिंताएं सामने आई हैं। इसमें करीब छह महीने तक 30 साल या उससे अधिक उम्र के पुरुषों की लगभग 78 हजार डायग्नोस्टिक जांचों का विश्लेषण किया गया है। इसमें कार्डियोलॉजी, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी से जुड़ी जांचों में 13 हजार से अधिक असामान्य या गंभीर नतीजे मिले। कार्डियक जांचों में करीब 46 फीसदी के परिणाम असामान्य रहे, जबकि 20 फीसदी से अधिक चेस्ट एक्स-रे में भी असामान्य नतीजे सामने आए। वहीं, पैथोलॉजी की करीब 2 फीसदी जांचों में ऐसे गंभीर परिणाम मिले, जिन्हें तत्काल मेडिकल सहायता लेने की जरूरत थी।
इन आंकड़ों से यह समझना जरूरी है कि केवल लक्षण न होना अच्छी सेहत की गारंटी नहीं है। समय-समय पर अपनी उम्र, पारिवारिक मेडिकल हिस्ट्री और लाइफस्टाइल के अनुसार स्वास्थ्य जांच कराना जरूरी है।
30 की उम्र के बाद पुरुषों की सेहत को क्यों बढ़ता है खतरा
आजकल ज्यादातर पुरुषों की दिनचर्या में लंबे समय तक बैठकर काम करना, शारीरिक गतिविधियों की कमी, अनियमित खानपान, नींद पूरी न होना और लगातार तनाव जैसी आदतें शामिल हो गई हैं। ऑफिस के काम और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते व्यायाम के लिए समय निकालना भी मुश्किल हो जाता है। इन कारणों से वजन बढ़ने, कोलेस्ट्रॉल बिगड़ने, ब्लड प्रेशर बढ़ने और ब्लड शुगर असंतुलित होने का जोखिम बढ़ सकता है।
पद्मश्री डॉ. हर्ष महाजन, फाउंडर एवं चेयरमैन, महाजन इमेजिंग एंड लैब्स और मेंटर, फिक्की हेल्थ सर्विसेज कमेटी के मुताबिक, पुरुष अक्सर अपनी प्रोफेशनल और फैमिली रिस्पांसबिलिटी को प्राथमिकता देते हैं और अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं। इस वजह से दिल की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, फैटी लिवर, किडनी की समस्याएं और पोषण संबंधी कमियां शुरुआती दौर में पकड़ में नहीं आ पाती हैं।
उन्होंने कहा कि एनालिसिस में कार्डियक जांचों के दौरान बड़ी संख्या में असामान्य नतीजे सामने आना नियमित स्वास्थ्य जांच की जरूरत को दिखाता है। बीमारी की समय रहते पहचान होने पर इलाज शुरू करने का मौका मिलता है और हार्ट अटैक, स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थितियों का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।
दिल की बीमारी और हाई ब्लड प्रेशर को न करें नजरअंदाज
30 की उम्र के बाद पुरुषों को अपनी हार्ट हेल्थ पर खास ध्यान देने की जरूरत है। लंबे समय तक बैठे रहना, फिजिकल एक्टिविटी की कमी, धूम्रपान, खराब खानपान, तनाव और नींद पूरी न होना दिल की सेहत पर असर डाल सकते हैं। हाई ब्लड प्रेशर भी एक ऐसी समस्या है, जिसके शुरुआती दौर में कई बार कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते हैं।
ब्लड प्रेशर की नियमित जांच से हाई बीपी का पता लगाया जा सकता है। इसके अलावा लिपिड प्रोफाइल टेस्ट के जरिए शरीर में कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर की जानकारी मिलती है। व्यक्ति की मेडिकल हिस्ट्री और जोखिम के आधार पर डॉक्टर ईसीजी, इकोकार्डियोग्राफी या टीएमटी जैसी जांचों की सलाह भी दे सकते हैं।
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के विश्लेषण में उम्र बढ़ने के साथ कार्डियक जांचों में असामान्य नतीजों का अनुपात भी बढ़ा है। 30 से 40 साल के पुरुषों में यह करीब 11 फीसदी था, जो 40 से 50 साल की उम्र में 15 फीसदी और 50 साल से अधिक उम्र के पुरुषों में 20 फीसदी तक पहुंच गया। हालांकि ये आंकड़े विश्लेषण में शामिल कार्डियक जांचों के हैं।
डायबिटीज और प्रीडायबिटीज के भी बढ़ रहे हैं केस
डायबिटीज और प्रीडायबिटीज ऐसी स्थितियां हैं, जिनमें शुरुआती दौर में कई लोगों को किसी तरह की परेशानी महसूस नहीं होती है, लेकिन लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ा रहने से दिल, किडनी, आंखों और नसों पर असर पड़ सकता है।
जिन पुरुषों का वजन अधिक है, जिनकी लाइफस्टाइल सुस्त है या परिवार में डायबिटीज की हिस्ट्री रही है, उन्हें ब्लड शुगर की जांच को लेकर विशेष ध्यान देना चाहिए। फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज और एचबीए1सी टेस्ट के जरिए शुगर के स्तर की जानकारी मिलती है। फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज टेस्ट में रातभर खाली पेट रहने के बाद ब्लड शुगर मापी जाती है, जबकि एचबीए1सी टेस्ट पिछले करीब तीन महीनों के औसत ब्लड शुगर स्तर का अनुमान देता है।
इन जांचों से डायबिटीज और प्रीडायबिटीज की पहचान करने में मदद मिलती है। जांच के नतीजों के अनुसार डॉक्टर खानपान, व्यायाम और जरूरत पड़ने पर इलाज की सलाह दे सकते हैं।
किडनी की सेहत के लिए कौन-से टेस्ट हैं जरूरी
किडनी से जुड़ी बीमारियां भी शुरुआती दौर में बिना स्पष्ट लक्षणों के बढ़ सकती हैं। डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर किडनी की बीमारी के प्रमुख जोखिम कारक हैं। लंबे समय तक इन समस्याओं को नियंत्रित न रखने से किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।
किडनी की सेहत जानने के लिए किडनी फंक्शन टेस्ट यानी केएफटी कराया जा सकता है। इसमें सीरम क्रिएटिनिन और ईजीएफआर जैसे पैरामीटर के जरिए किडनी की कार्यक्षमता का आकलन किया जाता है। इसके अलावा यूरिन एल्ब्यूमिन-टू-क्रिएटिनिन रेशियो (यूएसीआर) टेस्ट से पेशाब में एल्ब्यूमिन की मौजूदगी का पता लगाया जा सकता है। यह किडनी को शुरुआती नुकसान पहचानने में मदद करता है। खासतौर पर जिन पुरुषों को डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार किडनी की जांच करानी चाहिए।
फैटी लिवर की समस्या को भी न करें नजरअंदाज
खराब खानपान, मोटापा, मेटाबॉलिक समस्याएं और जरूरत से ज्यादा शराब का सेवन लिवर की सेहत को प्रभावित कर सकता है। इनमें फैटी लिवर की समस्या भी शामिल है। इस स्थिति में लिवर की कोशिकाओं में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होने लगता है। कई मामलों में शुरुआती चरण में इसके लक्षण नजर नहीं आते हैं।
लिवर की स्थिति जानने के लिए लिवर फंक्शन टेस्ट यानी एलएफटी कराया जा सकता है। इसके अलावा डॉक्टर जरूरत के अनुसार पेट का अल्ट्रासाउंड या फाइब्रोस्कैन कराने की सलाह दे सकते हैं। इन जांचों के जरिए लिवर में फैट जमा होने और उससे जुड़े बदलावों का आकलन करने में मदद मिलती है।
लगातार थकान और कमजोरी हो सकती है पोषण की कमी का संकेत
अगर किसी पुरुष को लगातार थकान, कमजोरी, सुस्ती या एनर्जी की कमी महसूस होती है तो इसे केवल काम का दबाव समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी इसकी वजह हो सकती है।
डॉक्टर लक्षणों और मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर हीमोग्राम, विटामिन बी12, विटामिन डी3 और थायरॉइड फंक्शन टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं। हीमोग्राम से खून से जुड़ी कई स्थितियों की जानकारी मिलती है। वहीं, विटामिन बी12 और डी की जांच से इनकी कमी का पता लगाने में मदद मिलती है। थायरॉइड की गड़बड़ी भी थकान, कमजोरी और वजन में बदलाव जैसी परेशानियों की वजह बन सकती है। इस कारण लंबे समय तक परेशानी बने रहने पर खुद से सप्लीमेंट लेने के बजाय डॉक्टर से जांच और इलाज के बारे में सलाह लेना बेहतर है।
30 की उम्र के बाद पुरुषों को करने चाहिए ये काम
कैलाश हॉस्पिटल एंड न्यूरो इंस्टीट्यूट के सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन डॉ. प्रभात कुमार के मुताबिक, पुरुष अक्सर ऑफिस के काम, परिवार और दूसरी जिम्मेदारियों के बीच अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, दिल की बीमारियां, फैटी लिवर और किडनी से जुड़ी समस्याएं धीरे-धीरे बढ़ सकती हैं और शुरुआती दौर में इनके लक्षण दिखाई देना जरूरी नहीं है।
उनका कहना है कि पुरुषों को परेशानी शुरू होने का इंतजार नहीं करना चाहिए। नियमित प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप के तहत ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, लिपिड प्रोफाइल और किडनी तथा लिवर फंक्शन से जुड़ी जांचें कराई जा सकती हैं। खासतौर पर जिन लोगों के परिवार में लंबे समय से चली आ रही बीमारियों की हिस्ट्री है, उन्हें अपनी सेहत को लेकर ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
डॉ. प्रभात कुमार ने लंबे समय तक बैठकर काम करने, शारीरिक गतिविधि की कमी, अनियमित खानपान, पर्याप्त नींद न लेने, तंबाकू के सेवन और तनाव को भी पुरुषों की सेहत के लिए नुकसानदायक बताया। उनके मुताबिक, नियमित मेडिकल सलाह और बेहतर लाइफस्टाइल अपनाकर भविष्य में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम कम किया जा सकता है।
ऐसी रखें अपनी लाइफस्टाइल
पुरुषों को अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव करके लंबी अवधि तक बेहतर सेहत बनाए रखने की कोशिश करनी चाहिए। रोजाना शारीरिक गतिविधि के लिए समय निकालें और लंबे समय तक एक ही जगह बैठने से बचें। संतुलित खानपान अपनाएं और जरूरत से ज्यादा तला-भुना या प्रोसेस्ड भोजन खाने से बचें। पर्याप्त नींद लें और तनाव को नियंत्रित रखने के लिए नियमित दिनचर्या बनाएं। तंबाकू से दूरी रखें और शराब का सेवन न करें।
इसके साथ ही समय-समय पर डॉक्टर से परामर्श लेकर अपनी उम्र, वजन, पारिवारिक मेडिकल हिस्ट्री और मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार जरूरी जांचें कराएं। हर व्यक्ति को सभी जांचें एक ही अंतराल पर कराने की जरूरत नहीं होती है। किसे कौन-सा टेस्ट कराना चाहिए और कितनी बार कराना चाहिए, यह डॉक्टर व्यक्तिगत जोखिम के आधार पर तय करते हैं।
कुल मिलाकर, 30 की उम्र के बाद पुरुषों को अपनी सेहत के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। किसी बीमारी के लक्षण सामने आने का इंतजार करने के बजाय समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना और बेहतर लाइफस्टाइल अपनाना जरूरी है। समय रहते बीमारी की पहचान होने से सही इलाज शुरू करने और आगे होने वाली गंभीर परेशानियों से बचने में मदद मिल सकती है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी डॉक्टर्स की सलाह पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
