Gopashtami ki kahani (गोपाष्टमी व्रत कथा) Gopashtami ki katha: हिंदू धर्म में गोपाष्टमी का पर्व बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को यह त्योहार मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन दिन भगवान श्रीकृष्ण ने बाल्यावस्था में बछड़ों की जगह गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी। इस दिन से कान्हा की गौचारण लीला का शुभारंभ हुआ था। यही वजह है कि गोपाष्टमी के अवसर पर गायों और बछड़ों की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - आज गोपाष्टमी है, जानें आज गौ माता और श्री कृष्ण की पूजा कब करें, गोपाष्टमी की पूजा कैसे करते हैं, शुभ मुहूर्त
ब्रज, मथुरा, गोकुल और वृंदावन में इस पर्व की अलग ही रौनक देखने को मिलती है। भक्त गौ माता को स्नान कराते हैं, उनका श्रृंगार करते हैं और फूल-माला अर्पित कर आशीर्वाद लेते हैं। मान्यता है कि गोपाष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता की सच्चे मन से पूजा करने से जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आती है। इस अवसर पर व्रत कथा पढ़ने और सुनने का भी विशेष महत्व है।
गोपाष्टमी व्रत कथा (Gopashtami Vrat Katha in Hindi)
पौराणिक कथा के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण लगभग छह वर्ष के थे, तब एक दिन उन्होंने माता यशोदा से अपनी इच्छा जाहिर की। कान्हा ने कहा कि अब वे बड़े हो गए हैं और बछड़ों को चराने के बजाय गायों को चराने जंगल जाना चाहते हैं। माता यशोदा ने मुस्कुराते हुए उन्हें समझाया कि इस बारे में पहले नंद बाबा से बात करनी होगी। इसके बाद श्रीकृष्ण अपने पिता नंद बाबा के पास पहुंचे और उनसे गायों को चराने जाने की अनुमति मांगी।
नंद बाबा ने कान्हा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन श्रीकृष्ण अपनी जिद पर अड़े रहे। आखिरकार नंद बाबा उनकी बात मान गए। हालांकि, उन्होंने गौचारण शुरू करने से पहले शुभ मुहूर्त निकलवाने का फैसला किया और कान्हा से पंडित जी को बुलाने के लिए कहा। श्रीकृष्ण तुरंत पंडित जी के पास पहुंचे और उन्हें नंद बाबा का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने प्रेमपूर्वक कहा कि यदि पंडित जी उसी दिन गौचारण का शुभ मुहूर्त बता देंगे, तो उन्हें खूब सारा माखन मिलेगा।
पंडित जी नंद बाबा के पास पहुंचे और पंचांग देखकर बताया कि गायों को चराने के लिए उसी दिन का मुहूर्त सबसे शुभ है। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद पूरे एक वर्ष तक ऐसा कोई शुभ मुहूर्त नहीं मिलेगा। पंडित जी की बात सुनकर नंद बाबा ने श्रीकृष्ण को गाय चराने की अनुमति दे दी। इस तरह भगवान श्रीकृष्ण ने उसी दिन से गायों को चराने जाना शुरू कर दिया।
मान्यता है कि यह शुभ दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि थी। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इसी दिन गौचारण लीला आरंभ किए जाने के कारण यह तिथि गोपाष्टमी के नाम से प्रसिद्ध हुई। तभी से गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा और सेवा करने की परंपरा चली आ रही है। भक्त इस दिन भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करते हैं और गौ माता की सेवा कर पुण्य प्राप्ति की कामना करते हैं।
