Delhi Police Constable Recruitment 2025: दिल्ली पुलिस में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। दिल्ली पुलिस ने कांस्टेबल के पदों पर बड़ी भर्ती निकालने की घोषणा की है। इस भर्ती के जरिये 7565 पदों को भरा जाएगा। पुरुषों और महिलाओं के लिए 7565 पदों के लिए निकली इस भर्ती के आवेदन सोमवार यानी 22 सितंबर से शुरू हो चुके हैं। भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 22 अक्टूबर है।
Delhi Police Constable Vacancy (iStock)
आवेदन की आखिरी तारीख 22 अक्टूबर है लेकिन इसमें किसी तरह की त्रुटि को ठीक करने के लिए 29 से लेकर 31 अक्टूबर तक का मौका मिलेगा। पहले चरण के कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम दिसंबर या फिर जनवरी में होने हैं। वहीं, ये पेपर सिर्फ इंग्लिश या फिर हिंदी में ही होगा।
भर्ती से जुड़ी खास बातें
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने साल 2023 में 7547 पदों पर बंपर भर्ती निकाली थी। इस भर्ती के लिए देशभर से 31 लाख से भी ज्यादा अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। वहीं इससे भी पहले साल 2020 में 5846 पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी, जिसके लिए 28 लाख से भी ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस भर्ती की कुल रिक्तियों में पुरुषों के लिए 4408 पद, एक्स सर्विसमैन के लिए 285 पद, एक्ससर्विसमैन कमांडो के लिए 376 पद और महिलाओं के लिए 2496 पद आरक्षित हैं। अभ्यर्थी का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है।
एसएससी (Staff Selection Commission) ने नोटिफिकेशन जारी कर इस बात की जानकारी दी कि जो उम्मीदवार नौकरी के इच्छुक हैं वे अप्लाई कर सकते हैं।
कांस्टेबल पोस्ट के लिए कुछ जरूरी बातें...
- उम्मीदवारों को किसी भी बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है।
- दिल्ली पुलिस के कर्मियों के बच्चों और कुछ खास स्टाफ के लिए ये योग्यता 11वीं तक ही मांगी गई है।
- पुरुष कैंडिडेट्स के पास मोटरसाइकिल या फिर कार का ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए।
- इस वेकेंसी के लिए कम से कम 18 साल और अधिकतम आयु 25 साल होनी चाहिए।
