जयपुर में गंभीर रूप से झुलसे एक युवक की आज यानी मंगलवार दिसंबर को मौत हो गई। इस युवक और एक महिला को कुछ लोगों ने कथित तौर पर पेट्रोल छिड़क कर आग के हवाले कर दिया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बुरी तरह से झुलसे व्यक्ति की जयपुर के अस्पताल में मौत (AI Image)
दूदू क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक दीपक खंडेलवाल ने बताया कि 25 वर्षीय कैलाश गुर्जर 60 प्रतिशत झुलस गया था। कैलाश गुर्जर की सोमवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि महिला सोनी गुर्जर भी इस घटना में 45 प्रतिशत झुलस गई। उसका एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार 27 नवंबर की देर रात मोखमपुरा के बारोलाव गांव में कुछ लोगों ने युवक व युवती को कथित तौर पर बांधकर कैलाश के खेत में उन्हें आग के हवाले कर दिया था।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान महिला के चाचा ससुर बिरदी चंद और जेठ गणेश गुर्जर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि सोनी खेत में कैलाश से मिलने गई थी, तभी आरोपी मौके पर पहुंचे और दोनों को बांध कर आग लगा दी।
पुलिस ने कहा कि कैलाश शादीशुदा था, जबकि सोनी के पति की मौत हो चुकी है।
