Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार देर रात विधानसभा से सिर्फ 400 मीटर की दूरी पर एक बड़ा हिट-एंड-रन का मामला सामने आया। यहां एक तेज रफ्तार लाल रंग की थार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित लाल रंग की थार ने एक इलेक्ट्रिक स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटर चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती के पैर में फ्रैक्चर आ गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें थार की रफ्तार और हादसे का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर के परखच्चे उड़ गए और उसके कई पार्ट्स सड़क पर इधर-उधर बिखर गए। यही नहीं, थार ने वहां कुछ अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारी, जिससे सड़क पर हड़कंप मच गया। हादसे के बाद थार ड्राइवर गाड़ी सहित फरार हो गया।
किसकी है थार और कौन चला रहा था?
जिस तेज रफ्तार थार कार ने विधानसभा के पास इस घटना को अंजाम दिया, पुलिस ने उसकी कुंडली निकाल ली है। पुलिस के अनुसार लाल रंग की थार का नंबर RJ 45 CN 6888 है। यह गाड़ी प्रिया चौधरी के नाम पर रजिस्टर्ड है, लेकिन शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन्होंने यह गाड़ी कुछ समय पहले किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी थी।
पुलिस अब इस लाल रंग की थार कार के वर्तमान मालिक और गाड़ी चलाने वाले शख्स की तलाश में जुटी है। थार की तेज रफ्तार और घटनास्थल से उसके भागने के बाद इसे गंभीर हिट-एंड-रन केस माना जा रहा है।
कब होगी आरोपी की गिरफ्तारी
सडक दुर्घटना अनुसंधान इकाई (साउथ) ट्रैफिक पुलिस, जयपुर कीट्रैफिक इंस्पेक्टर अंजू ने बताया कि गाड़ी जिस नाम से रजिस्टर्ड है, उन्होंने यह किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी थी। उन्होंने बताया कि मने प्रिया चौधरी को थाने बुलाया है और गाड़ी के बेचने से जुड़े डॉक्यूमेंट्स मांगे हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आरोपी ड्राइवर तक पहुंचेंगे और जल्द गिरफ्तारी होगी। अधिकारी ने यह भी बताया कि थार ड्राइवर काफी तेज रफ्तार में था और उसने दो अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारी थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गुलाबी नगरी में हुई यह घटना न सिर्फ पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि शहर के बीचों-बीच तेज रफ्तार वाहनों के बढ़ते खतरे को भी उजागर कर रही है। विधानसभा के पास इतनी बड़ी वारदात होना स्थानीय प्रशासन पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करता है। फिलहाल पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज इकट्ठा करने के साथ-साथ तकनीकी जांच तेज कर दी है। आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।
