Pune News: पुणे में इंसानियत शर्मसार, प्रेमी के साथ मिलकर मां ने पब्लिक टॉयलेट में बहा दिया नवजात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 26, 2022, 02:51 PM IST

Pune News: एक मां अपने बच्चे के लिए क्या कुछ नहीं कर जाती। लेकिन पुणे में एक मां का इतना क्रूर चेहरा सामने आया कि, जिसे देख सब दंग रह गए। इस मां ने अवैध संबंध छिपाने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने नवजात शिशु को पब्लिक टॉयलेट में बहाने की कोशिश की। हालांकि नवजात की जान बच गई।

Pune News: पुणे में इंसानियत शर्मसार, प्रेमी के साथ मिलकर मां ने पब्लिक टॉयलेट में बहा दिया नवजात
Photo Credit: BCCL

Pune News: पुणे के वडगांव बुद्रुक के तुकैनगर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने अनैतिक संबंध छिपाने के लिए कुछ ऐसा कर डाला कि, जिसने भी सुना उसकी रूह कांप गई। इस मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने नवजात शिशु को पब्लिक टॉयलेट में फेंक दिया। इतना ही नहीं उसने बच्चे को बहाने की भी कोशिश की, लेकिन बच्चा टॉयलेट और नाली के बीच फंस गया। हालांकि पुलिस को जैसे ही सूचना मिली वह तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे को बचा लिया। 

महिला ने दी सूचना, पूरा गांव लग गया बचाने में 

सिंहगढ़ ​रोड थाना पुलिस ने बताया कि, नवजात के बारे में समय पर सूचना मिल गई थी, ऐसे में उसे बचा लिया गया है। पुलिस ने बताया कि, उनके पास तुकाई नगर वडगांव से एक महिला का फोन आया था। उसने बताया कि, पब्लिक टॉयलेट में एक नवजात बच्चा फंसा हुआ है। उस समय ड्यूटी पर मौजूद अजय माली अपने साथी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देखा कि, बच्चा महिला शौचालय में रो रहा था। नवजात को बहाने की कोशिश की गई थी। ऐसे में वह टॉयलेट और नाली के बीच बुरी तरह से फंस गया था। बहुत कोशिश करने के बाद भी जब नवजात को बाहर नहीं निकाला जा सका तो स्थानीय लोगों की मदद से तेल डाला गया, जिसके बाद नवजात को बाहर निकाला जा सका। बच्चे के शरीर से खून बह रहा था। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

लोगों में आक्रोश, केस दर्ज 

इस घटना की सूचना जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग ए​कत्रित हो गए। लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों की मांग है कि, इस महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का मानना है कि, शिशु का जन्म अनैतिक संबंधों के कारण होने से इसे ऐसे फेंक दिया गया है। यह दो लोगों का काम है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!