एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-992 जेद्दाह से दिल्ली आ रही थी, जिसमें एक शख्स सफर कर रहा था। इस दौरान शख्स के अजीबोगरीब हरकत पर क्रू मेंबर को शक हुआ।
लगभग साढ़े पांच घंटे की फ्लाइट में शख्स ने ना तो कुछ खाया और ना तो कुछ पीया। इस दौरान एयर होस्टेस ने कई बार शख्स से पानी, चाय और खाने के बारे में पूछा लेकिन बार-बार शख्स ने मना कर दिया।
बार-बार शख्स द्वारा मना करने पर एयर होस्टेस को शक हुआ। जिस पर एयर होस्टेस ने फ्लाइट कैप्टन को इसकी सूचना दी। फिर कैप्टन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया, जिसके बाद इसकी जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को दी गई।
इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचते ही शख्स को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान यात्री के मलाशय में सोने का पेस्ट मिला, जो चार कैप्सूल के रूप में तस्करी किया जाने वाला था।
संयुक्त आयुक्त (सीमा शुल्क) मोनिका यादव ने शख्स के बॉडी से लगभग 1,096.76 ग्राम सोना बरामद होने की पुष्टि की, जिसकी कीमत लगभग 69,16,169 रुपये है। तलाशी के बाद शख्स को सीमा शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।