गर्मी आते ही एयर कंडीशनर की एक बार फिर से डिमांड बढ़ गई है और महीनों से बंद एसी फिर से ऑन हो गए हैं। अगर आप भी एसी ऑन करने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है।
दरअसल कई बार ऐसा होता है कि जब महीनों से बंद एयर कंडीशनर को शुरू किया जाता है तो कूलिंग कम लगती है। एसी की कूलिंग के पीछे एक बड़ा कारण गैस में कमी भी होता है।
अगर आप अपने एसी में गैस रीफिल कराने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि इस समय एसी गैस की कीमत क्या है? अगर आपको इस बात की जानकारी नहीं होगी तो हो सकता है कि टेक्नीशियन आपसे ज्यादा पैसे ले ले।
कई बार ऐसा भी होता है कि जब आप एसी की सर्विस के लिए टेक्नीशियन को बुलाते हैं तो कई बार गैस लीकेज बताकर आपसे हजारों रुपये ले लेता है। इसलिए आपको यह मालूम होना चाहिए कि एसी में गैस भरवाने में कितना खर्च आता है।
सबसे पहले आपको बता दें कि AC में रेफ्रिजरेंट गैस होती है जो हमें ठंडी हवा देने का काम करती है। कई सालों तक लगातार इस्तेमाल या फिर पाइप लीकेज की वजह से एसी में गैस कम हो जाती है।
एसी में गैस की कमी होने पर आपको कुछ इशारे भी मिलते हैं। जैसे एसी चलने पर भी रूम का ठंडा न होना, ब्लोअर से गर्म हवा आना, पाइप में बर्फ का जमना या फिर पहले के मुकाबले बिजली का बिल भी कम आना। हालांकि आपको इस बात को ध्यान रखना होगा कि धीमी कूलिंग का मतलब यह नहीं है कि गैस की कमी हो गई है। कई बार फिल्टर में गंदगी जमा होने की वजह से भी कूलिंग कम मिलती है।
अब बात करते हैं कि आखिर एयर कंडीशनर में गैस रीफिल कराने पर कितना खर्च आता है। गैस भरवाने का खर्च इस बात पर निर्भर करता है कि आप कौन सी गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं।
R22 Gas का खर्च 1,800 रुपये से 2,200 रुपये के बीच में होता है। वहीं अगर आप R410A Gas भरवाते हैं तो इसका खर्च 2500 रुपये से लेकर 3200 रुपये के बीच में होता है। वहीं अगर आप R32 Gas भरवाते हैं तो इसका खर्च 2500 से 3800 रुपये के बीच में आएगा।