चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जीत दर्ज करते ही टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। जब से रोहित ने कप्तानी संभाली है तब से टीम इंडिया ने पीछे मुड़कर नहीं देखा है।
टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अब तक अविजीत रही है। लीग स्टेज में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराने के बाद अब सेमीफाइनल मुकाबले में भी उसने जीत दर्ज कर ली है।
टीम इंडिया, चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची है। इससे पहले उसने 2013 और 2017 में भी फाइनल में जगह बनाई थी। 2013 में धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया चैंपियन रही, जबकि 2017 में उसे विराट की कप्तानी में हार का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी खेलकर जीत दिलाने वाले विराट एक बार फिर नॉकआउट में जीत के सूत्रधार बने और मुश्किल पिच पर 98 गेंद में 84 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा दिया।
केएल राहुल ने विजयी छक्का लगाकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित कर दी। वह 42 रन बनाकर नाबाद रहे।
रोहित की कप्तानी में पिछले 2 साल में टीम इंडिया का आईसीसी इवेंट में यह चौथा फाइनल मुकाबला है। इससे पहले रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2023 में WTC फाइनल, 2023 में वनडे वर्ल्ड कप फाइनल, 2024 में टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनी थी। अब टीम चैंपियंस ट्रॉफी में फाइनल में भी जगह बना चुकी है।
रोहित चार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान बन गए हैं। इससे पहले धोनी टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में जीत दिला चुके हैं, लेकिन उनके हिस्से में WTC का फाइनल नहीं था।