संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा देश की सबसे मुश्किल परीक्षा मानी जाती है। इसे क्रैक करने के लिए सालों साल की मेहनत और लगन लगती है। मगर बुलंदशहर के मानवेंद्र ने साबित किया है कि अगर लगन सच्ची हो और दिल से मेहनत की जाए तो कुछ भी असंभव नहीं है।
मानवेंद्र की सफलता की ये राह बिल्कुल भी आसान नहीं थी। पहले तो उन्हें शारीरिक रूप से काफी समस्याएं थीं। मां रेनु बताती हैं कि उन्हें बचपन में पता चला था कि मानवेंद्र को चलने-फिरने में बहुत परेशानी है। उन्हें बात करने में भी दिक्कत आती है।
रेनु बताती हैं कि मानवेंद्र हर चीज को बहुत अच्छी तरह समझ लेते हैं। ऐसे में हमें समझ आया कि उनकी फिजिकल हेल्थ को स्ट्रॉन्ग करने की बजाय या ठीक करने की बजाय उनकी मेंटल हेल्थ पर ध्यान दिया जा सकता है। उनके आईक्यू और इंटेलिजेंस को देखकर हमने उनपर काम करना शुरू किया।
10वीं क्लास तक आते-आते मानवेंद्र की ये बात तो हम समझ चुके थे कि वे बहुत होशियार हैं और वे साबित कर रहे हैं कि भगवान ने अगर कुछ छीना है तो बहुत कुछ दिया भी है। उन्होंने क्लास 12 में पढ़ाई के साथ-साथ JEE एडवांस में 63 रैंक हासिल की। 2024 में उन्होंने आईआईटी पटना से बीटेक पूरा किया।
मानवेंद्र के पिता का जब निधन हुआ था तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। लेकिन मां रेनू ने बेटे को टूटने नहीं दिया बल्कि उसकी हिम्मत बढ़ाई। रेनू सिंह नगर के एक स्कूल में प्रिंसिपल हैं। मानवेंद्र ने पूरी तैयारी नानी के घर पर रहकर की।
मानवेंद्र ने भारतीय इंजनियरिंग सेवा आईईएस परीक्षा में 112वीं रैंक हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। जिले के लाल मानवेंद्र ने दिखा दिया कि अगर आपके हौसले बुलंद हैं तो शारीरिक अक्षमता कभी भी आड़े नहीं आती है। आज मानवेंद्र एक IES (Indian Engineering Service) ऑफिसर बन चुके हैं।