मध्य प्रदेश

दोस्त निकला दरिंदा! ढाबे पर खाना खाने गई युवती को फुसलाकर साथियों संग की दरिंदगी; एमपी के सागर का मामला

सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र से एक 22 वर्षीय युवती के साथ 4 युवकों के द्वारा गैंग रेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है,जिनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है,जबकि अन्य की तलाश जारी है।

Crime

फाइल फोटो

सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ढाबे पर खाना खाने पहुंची 22 वर्षीय युवती के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

किराए पर रहकर पढ़ाई करती है पीड़िता

पुलिस के अनुसार, शहडोल निवासी 22 वर्षीय युवती सागर के मकरोनिया क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही है। बीती 2 जनवरी को वह बहेरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अंकुर सोनी नामक युवक से हुई, जिसे वह पहले से जानती थी। आरोप है कि अंकुर सोनी युवती को बातचीत में उलझाकर ढाबे के कमरे में ले गया, जहां पहले से मौजूद उसके दो अन्य साथियों ने मिलकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

डॉक्टरों को बताई हकीकत

घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे देर रात सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान पीड़िता ने डॉक्टरों को अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर गोपालगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता के प्रारंभिक बयान दर्ज किए। बाद में मामले की जानकारी बहेरिया थाना पुलिस को दी गई।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस के मुताबिक, उपचार के बाद देर रात करीब तीन बजे पीड़िता को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद वह बहेरिया थाना पहुंची और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अंकुर सोनी, उसके दो साथियों और आरोपियों का साथ देने वाले ढाबा कर्मचारी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

दो आरोपी गिरफ्तार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। शेष फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article