हीरों की नगरी पन्ना दो दोस्तों पर मेहरबान हुई है। एक बार फिर उसकी चमक दुनिया के सामने आई है। जिले के कृष्णा कल्याणपुर ग्राम में लगाई गई एक निजी हीरा खदान से जेम्स क्वालिटी का 15 कैरेट 34 सेंट वजन वाला बेहद चमकदार हीरा मिला है। इसकी कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। यह अब तक साल 2025 का सबसे बड़ा और उच्च गुणवत्ता वाला हीरा माना जा रहा है।
20 दिन की मेहनत लाई रंग
हीरा खदान संचालक सतीश खटीक ने बताया कि उन्होंने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर 14 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 तक के लिए खदान का पट्टा लिया था। इसके बाद उन्होंने करीब 20 दिन पहले खुदाई शुरू की थी। मंगलवार को नियमित खुदाई के दौरान मिट्टी के बीच उन्हें चमकता हुआ कुछ दिखा। शक होने पर उन्होंने पत्थर को निकाला और जांच के लिए भेजा।जब उसकी रिपोर्ट आई तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पता चला कि यह उच्च श्रेणी का जेम्स क्वालिटी हीरा है। सतीश ने बताया कि उनकी और उनके दोस्त की एक एक बहन है। अब वे हीरे के पैसों से उनकी शादी कर पाएंगे।
हीरा कार्यालय में जमा किया गया 60 लाख वाला हीरा
फिलहाल खदान में मिले हीरे को नियमानुसार पन्ना जिला हीरा कार्यालय में जमा कर दिया गया है। यहां विशेषज्ञों की टीम इसका औपचारिक मूल्यांकन, गुणवत्ता परीक्षण और आगे नीलामी की प्रक्रिया करेगी। जिला प्रशासन का कहना है कि यह हीरा साल 2025 का अब तक का सबसे बड़ा, सबसे साफ और सबसे उम्दा क्वालिटी वाला हीरा है।
पन्ना की धरती में है दुर्लभ हीरों का खजाना
बता दें कि मध्य प्रदेश का पन्ना जिला पहले भी कई बार बेहद दुर्लभ, विशाल और करोड़ों की कीमत वाले हीरों के लिए सुर्खियों में रहा है। अब एक बार फिर यहां नायाब हीरा मिलने से लोगों में उत्साह की लहर है।
