Seoni News: मध्य प्रदेश में सुकतारा हवाई पट्टी के लगभग दो किलोमीटर दूर सोमवार शाम एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर आमगांव के खेतों के पास हुआ, जहां विमान 33 केवी के बिजली के तार से टकरा गया। घटना शाम लगभग 6:25 बजे घटी, जब ‘रेडवर्ड एविएशन कंपनी’ का प्रशिक्षण विमान सिवनी-नागपुर मार्ग पर सुकतारा हवाई पट्टी से थोड़ी दूरी पर आमगांव के खेतों में बिजली के तार से भिड़कर गिर गया।
पायलट और एक अन्य यात्री घायल
अधिकारी के अनुसार, इस हादसे में पायलट अजीत चावड़ा और एक अन्य यात्री घायल हुए हैं। दोनों की हालत सुरक्षित बताई गई है और उन्हें बारापाथर के एक निजी अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हवाई पट्टी पर उतरते समय प्रशिक्षण विमान का निचला हिस्सा बादलपार सबस्टेशन की 33 केवी की बिजली की तार से टकरा गया। अधिकारी ने बताया कि इस टकराव के कारण तार टूट गया और विमान जमीन पर गिर गया, जिससे बिजली की आपूर्ति भी बाधित हो गई।
मामले की जांच के लिए टीम को मौके मौजूद
सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी, स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सिवनी के पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने बताया कि प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और मामले की जांच के लिए टीम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, लेकिन दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। आमगांव पंचायत के सरपंच रामलाल उईके के अनुसार, यह घटना शाम करीब 6:25 बजे आमगांव और पोटलाई के बीच हुई।
80 से 90 गांव अंधेरे में डूबे
सरपंच रामलाल उईके ने बताया कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पूरे इलाके में बिजली गुल हो गई। मध्य प्रदेश पूर्वी क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, सिवनी मंडल के अधिशासी अभियंता सुभाष राय के अनुसार, बिजली की लाइनों को हुए नुकसान के कारण बादलपार और ग्वारी सबस्टेशनों के आसपास लगभग 80 से 90 गांव अंधेरे में डूब गए। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए तारों की मरम्मत में लगे हुए हैं।
(इनपुट - भाषा)
