मध्य प्रदेश

Khajuraho News: रिसॉर्ट के खाने से 9 कर्मचारियों की बिगड़ी तबीयत; 3 ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

मध्य प्रदेश के खजुराहो में एक रिसॉर्ट में भोजन करने के बाद 9 कर्मचारियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्होंने आलू-गोभी की सब्जी खाई थी, जिसके बाद उन्हें उल्टी और चक्कर आने लगे। गंभीर हालत में इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां 3 लोगों की मौत हो गई।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित विश्व पर्यटन स्थल खजुराहो में एक रिसॉर्ट में खाना खाने से नौ कर्मचारियों की हालत बिगड़ गई। इन सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। 5 लोगों का ग्वालियर अस्पताल में इलाज जारी है। इस मामले की जांच की जा रही है और भोजन की सैंपलिंग भी कराई गई है।

9 कर्मचारियों को खाने के बाद आई उल्टियां-चक्कर

मिली जानकारी के अनुसार खजुराहो स्थित एक रिसॉर्ट में काम करने वाले कर्मचारियों ने आम दिनों की तरह सोमवार को भोजन किया। इसमें उन्होंने आलू गोभी की सब्जी खाई। कुछ ही देर में खाना खाने के बाद नौ कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने लगी, चक्कर आए और उल्टियां भी हुईं। रात होते-होते उनकी हालत गंभीर हुई तो सभी को जिला चिकित्सालय छतरपुर ले जाया गया।

मरीजों के परिजनों को आर्थिक सहायता

जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों के अनुसार मरीजों को अस्पताल लाया गया था, मगर उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। जिसके बाद सभी 9 मरीजों को उनकी हालत को देखते हुए झांसी व ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, खाना खाने से बीमार हुए गौतम होटल खजुराहो के कर्मचारियों की दुःखद मृत्यु होने पर कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने तत्काल रूप से सम्बंधित के परिजन को रेडक्रॉस सोसायटी से 20-20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की।

जांच के लिए भोजन का लिया गया सैंपल

जिला प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रागीलाल कुशवाहा, गिरजा रजक एवं रामस्वरूप कुशवाहा के परिजन को आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की। साथ ही विगत रोज जानकारी मिलने पर होटल के भोजन की जांच के लिए सैंपलिंग भी कराई गई है। रिसोर्ट में खाना खाने के बाद कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने के मामले में स्वास्थ्य अमला और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हैं। साथ ही रिसोर्ट में खाने के नमूने लिए जा रहे हैं और जांच कराए जाने की बात कही जा रही है। बीमार नौ लोगों में से चार की हालत अत्यंत गंभीर थी और वे जिंदगी-मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article