मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एटीएम में मदद के बहाने एक बुजुर्ग के साथ बड़ी ठगी हो गई। 77 वर्षीय बुजुर्ग इलाज के लिए पैसे निकालने के लिए पथरिया आए थे। इसी दौरान एक युवक ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। आरोपी ने उनके खाते से कुल 17 हजार रुपये निकला लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुटी हुई है।
दमोह में बुजुर्ग के साथ ठगी
बुजुर्ग के साथ कैसे हुई ठगी?
जानकारी के अनुसार साइबर ठगी का यह मामला दमोह के पथरिया नगर क्षेत्र का है। ग्राम सूखा निवासी 77 वर्षीय बालमुकुंद पटेल दोपहर में एटीएम पहुंचे थे। वे पैसे निकालने के लिए लाइन में लगे हुए थे। उनके आगे दो युवक खड़े थे। जिनमें से एक शख्स ने अपना अकाउंट बैलेंस चेक करने के बाद एटीएम में कुछ बटन दबाए। जब बुजुर्ग का नंबर आया तो उनका ट्रांसजैक्शन बार-बार फेल होने लगा। तभी उनके बगल में सेना की वर्दी में खड़े एक युवक ने कहा कि 'दादा आपको दिखता नहीं है, मैं मदद करता हूं।'
सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस
युवक ने मदद का बहाना कर मौके का फायदा उठाया और अपने कार्ड से बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदल लिया। उसने बुजुर्ग से कहा कि आपका कार्ड मशीन ले नहीं रही है, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। बुजुर्ग को तुरंत कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब वे बैंक पहुंचे तब उन्हें पता चला कि उनके अकाउंड से दो बार में 17 हजार रुपये निकाले गए हैं। बुजुर्ग ने तुरंत पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही हेल्पलाइन 1930 पर भी साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज की। थाना प्रभारी अमित मिश्रा के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुकी है और पुलिस जांच में जुटी है।
