Times Now Navbharat
live-tv
Premium

नए जमाने का वर्क कल्चर वर्केशन क्यों हुआ GenZ में पॉपुलर, कौन से डेस्टिनेशन हैं हॉट स्पॉट

What is Workation: वर्केशन वर्क और ट्रैवल का मिक्स ट्रेंड है, जिसमें लोग किसी खूबसूरत जगह पर रहकर ऑफिस का काम करते हैं। रिमोट वर्क, मेंटल हेल्थ, युवाओं की बदली लाइफस्टाइल और बजट ट्रैवल ने इसे बेहद लोकप्रिय बनाया है। यह वर्क-लाइफ बैलेंस को सुधार कर भविष्य का नया वर्क कल्चर बन रहा है। आइए विस्तार से जानते हैं वर्केशन के बारे में।

Image
क्या है वर्केशन?
Authored by: gulshan kumar
Updated Nov 20, 2025, 16:50 IST
Follow on Google News

What is Workation: सुबह का वही वक्त दिल्ली की मेट्रो हमेशा की तरह लोगों से खचाखच भरी हुई। भीड़ के बीच एक युवक अपनी लैपटॉप स्क्रीन पर घूरते हुए किसी मुश्किल डेडलाइन से जूझ रहा था। अगले दो दिन में प्रोजेक्ट जमा करना था, लेकिन लगातार काम, शोर, ट्रैफिक और एक जैसी दिनचर्या ने उसे भीतर तक थका दिया था। ना ऑफिस में चैन, ना घर पर काम करने में सुकून मिलता है। शाम तक वह बिल्कुल टूट चुका था। जैसे-तैसे घर पहुंचा ही था कि फोन पर एक मैसेज पॉप-अप हुआ—

'चल यार, कहीं पहाड़ों में चलकर काम करते हैं… एक छोटा सा वर्केशन प्लान करते हैं।'

बस… उस एक मैसेज ने उसकी थकान, उसके रूटीन और उसके पूरे वर्क कल्चर का नजरिया बदल दिया। यहीं से उसकी जिंदगी में आया एक नया शब्द - वर्केशन। यानी Work + Vacation—काम भी, और घूमना-फिरना भी। आज वर्केशन सिर्फ एक ट्रेंड नहीं, बल्कि नई पीढ़ी का बदला हुआ काम करने का तरीका बन चुका है। तो आइए इसे थोड़ा करीब से समझते हैं।

वर्केशन क्या है? What is Workation?

वर्केशन दरअसल उस सफर का नाम है जिसमें आप ऑफिस से छुट्टी नहीं लेते—बल्कि काम को एक खूबसूरत जगह पर शिफ्ट कर देते हैं। पहाड़, जंगल, समुद्र तट, झील… कोई भी जगह जहां आपको काम और सुकून का सही बैलेंस मिल सके।

GenZ और मिलेनियल्स इसे नए जमाने का 'स्ट्रेस-फ्री वर्क मॉडल' मान रहे हैं - क्योंकि यहां लैपटॉप वही रहता है, लेकिन व्यू बदल जाता है और कई बार सिर्फ यही बदलाव जिंदगी में नई ऊर्जा ला देता है।

What is Workation

What is Workation

वर्केशन क्यों बन गया है सुपर-हिट?

कल्पना कीजिए - आप मनाली के किसी लकड़ी के छोटे से कैफे में बैठकर काम कर रहे हों… सामने बर्फ से ढकी चोटियां, पीछे धीमा म्यूजिक और हाथ में गर्म कॉफी। ऐसे माहौल में काम बोझ नहीं लगता - बल्कि क्रिएटिविटी की तरह बहने लगता है। दरअसल वर्केशन का सबसे बड़ा आकर्षण यही है- काम वही, लेकिन माहौल नया। जिम्मेदारियां वही, लेकिन मजा दोगुना।

वर्केशन कब और कैसे शुरू हुआ? - History Of Workation

इंटरनेट पर मौजूद जानकारियों के मुताबिक, इस ट्रेंड की शुरुआत 2012 के आसपास हुई, जब कुछ कंपनियों ने इसे कर्मचारियों के लिए बोनस ऑप्शन की तरह पेश किया। लेकिन असली बूम आया कोविड-19 महामारी के बाद, जब रिमोट और हाइब्रिड वर्क मॉडल आम हो गए। लोगों ने महसूस किया कि काम कहीं से भी हो सकता है - तो क्यों न इसे किसी ऐसी जगह किया जाए जहां मन भी खुश रहे और काम भी बेहतर हो?

वर्केशन के अलग-अलग रूप - Types Of Workation

वर्केशन सिर्फ 'ट्रैवल करते हुए काम' नहीं है - यह एक पूरी लाइफस्टाइल है। यह आपके तरीके पर निर्भर करता है कि आप किस मूड में हैं और किसके साथ हैं। आइए जानते हैं वर्केशन के अलग-अलग रूप..

1. सोलो वर्केशन

जो लोग भीड़ से दूर अपनी सोच के साथ थोड़ा वक्त बिताना चाहते हैं, यह उनके लिए वरदान है। मनाली, ऋषिकेश, कूर्ग जैसे शांत पहाड़ी इलाकों में अकेले बैठकर काम करना जीवन को बेहद हल्का कर देता है।

2. ग्रुप वर्केशन

दोस्तों या सहकर्मियों के साथ - एक टीम, एक घर, एक व्यू। यहां काम भी तेजी से होता है और शामें यादगार भी।

3. कॉरपोरेट वर्केशन

कई कंपनियां आज अपनी टीम की क्रिएटिविटी बढ़ाने के लिए 3–7 दिन की वर्केशन ट्रिप प्लान कर रही हैं। सुबह मीटिंग, दिन में काम, शाम को टीम गेम्स और रात को बोनफायर - ऐसा माहौल बॉन्डिंग भी बढ़ाता है और बर्नआउट भी खत्म करता है।

4. कपल वर्केशन

आजकल कपल्स काम और रिश्ते दोनों का बैलेंस एक साथ ढूंढ रहे हैं। ऊटी, कश्मीर, कोडईकनाल जैसी शांत जगहों पर सुबह काम और शाम को रोमांटिक वॉक - कपल वर्केशन रिश्तों में नई गर्माहट जोड़ देता है।

5. फैमिली वर्केशन

जिन्हें काम की वजह से परिवार के लिए वक्त निकाल पाना मुश्किल होता है, यह उनके लिए परफेक्ट है। परिवार घूम लेता है, आप काम पूरा करके उनको जॉइन कर लेते हैं - इस तरह दोनों का समय क्वालिटी बन जाता है।

Types Of Workation

Types Of Workation

भारत में वर्केशन के बेस्ट डेस्टिनेशन - Best Workation Destinations in India

1. धर्मशाला (हिमाचल)

पहाड़ + शांत कैफे + बेहतरीन इंटरनेट - यह जगह डिजिटल नोमाड्स के लिए स्वर्ग है।

2. गोवा

बीच, कैफे, कूल माहौल… और काम का पूरा फ्लो। GenZ की टॉप चॉइस।

3. कोडईकनाल (तमिलनाडु)

हरियाली, बादल, शांति और किफायती स्टे इसे सोलो वर्केशन के लिए परफेक्ट बनाते हैं।

4. कसौली (हिमाचल)

भीड़ से दूर, किफायती होमस्टे, प्यारा मौसम—यहां का माहौल खुद-ब-खुद प्रोडक्टिव बना देता है।

5. अंडमान

समुद्र की लहरों के बीच बैठकर काम करने का एहसास… यह जगह इसे एक बिल्कुल अनोखा अनुभव बना देती है।

काम को लेकर आने वाला कल किस ओर इशारा करता है?

आज का वर्क कल्चर बदल चुका है। लोग सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि जीवन की आजादी और मानसिक शांति भी चाहते हैं। वर्केशन भविष्य का वो मॉडल है जो कहता है - काम को जीवन में फिट करो, जीवन को काम में नहीं।” अगर माहौल अच्छा हो, मन खुश हो और दिमाग शांत - तो काम का रिजल्ट भी वैसा ही आता है। और शायद इसी वजह से वर्केशन अब सिर्फ ट्रेंड नहीं, भविष्य का नया वर्क कल्चर बनने की राह पर है।

End of Article