दिवाली का त्योहार तो बीत गया लेकिन सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो है कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का। इस वीडियो में सोनिया गांधी अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ जुड़ी दीवाली की यादों को शेयर किया है। इसमें उन्होंने कभी इंदिरा गांधी का आवास रहे दिल्ली 1, सफदरजंग रोड की दिवाली के कुछ बेहद दिलचस्प किस्से सुनाए।
कश्मीर का खास मोदुर पुलाव, गांधी परिवार के घर त्योहारों पर जरूर बनती है ये डिश
1 सफदरजंग रोड पर कश्मीरी खाने की परंपरा
सोनिया गांधी ने बताया कि त्योहारों पर उनके घर हमेशा कश्मीरी खाना बनता था। इसमें खास तौर पर मीठे चावल बनाए जाते थे। मजेदार बात यह है कि दशकों बाद भी उनके परिवार में आज तक यह डिश बनाई जाती है। दरअसल, नेहरू परिवार कश्मीरी पंडित था। इसलिए देश के दूसरे हिस्सों में बसने के बाद भी उन्होंने अपने खाने-पीने की पुरानी परंपराओं को संभालकर रखा। इंदिरा गांधी के घर पर त्योहारों की दावत में कश्मीरी व्यंजन जरूर शामिल होते थे।
क्या है यह खास मीठा चावल?
कश्मीरी खाने में इस खास मीठे चावल को मोदुर पुलाव कहा जाता है। यह हमारे आम नमकीन पुलाव से बिल्कुल अलग होता है। इसे देसी घी, केसर, इलायची, दालचीनी और ढेर सारे सूखे मेवों से बनाया जाता है। केसर की वजह से इसका रंग सुनहरा और खुशबू बेहद लाजवाब होती है। हालांकि सोनिया गांधी ने वीडियो में इस डिश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी बातों से साफ था कि यह स्वाद आज भी उनके परिवार की रसोई में जिंदा है।
बस दीये से रोशन होता था घर
सोनिया गांधी ने ये भी बताया कि उस जमाने में आज की तरह बिजली की लड़ियां नहीं लगती थीं। घर में पहला दीया दरवाजे पर रखी गणेश जी की मूर्ति के पास जलाया जाता था। इसके बाद बरामदे, छत, बगीचे के रास्तों और तालाब के किनारे मिट्टी के दीयों की कतारें सजाई जाती थीं। पूरा घर दीयों की रोशनी से जगमगा उठता था।
चांदनी चौक से पटाखों की खरीदारी
दिवाली की इन यादों में पटाखों का भी अपना हिस्सा था। प्रियंका गांधी ने बताया कि उनके पिता राजीव गांधी उन्हें और उनके भाई राहुल गांधी को पटाखे खरीदने के लिए पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक ले जाते थे। सोनिया ने भी बताया कि उन्हें खास तौर पर फुलझडियां पसंद थीं। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि तब लोग दिवाली पर खूब पटाखे चलाते थे।
सोनिया गांधी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि वह अपनी शुरुआती दिवाली की यादों को फिर से जी रही हैं। इन यादों में सबसे दिलचस्प बात यह है कि देश की पूर्व प्रधानमंत्री के घर की दिवाली भी आखिरकार उन्हीं छोटी-छोटी चीजों से खास बनती थी, जो आम परिवारों की दिवाली का हिस्सा होती हैं। जैसे आंगन में दीये, बच्चों के लिए पटाखे, परिवार के साथ बैठना और त्योहार का खास खाना।
