Voice Psychology: किसी इंसान की पर्सनैलिटी महज उसके कपड़े, चेहरे या बातों से नहीं बनती, उसकी आवाज पर भी निर्भर करता है कि लोग उसके कितना पसंद करेंगे। साइकोलॉजी के अनुसार बोलने का तरीका, आवाज का उतार-चढ़ाव और टोन यह तय कर सकते हैं कि सामने वाला व्यक्ति आपको कितना भरोसेमंद, आकर्षक या पसंद करने लायक मानता है।
जानिए क्या कहता है आवाज का मनोविज्ञान (AI Image)
मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि लोग केवल यह नहीं सुनते कि आप क्या कह रहे हैं, यह भी महसूस करते हैं कि आप कैसे बोल रहे हैं। शांत, स्पष्ट और आत्मविश्वास भरी आवाज लोगों को आपकी ओर आकर्षित कर सकती है। वहीं बहुत तेज, घबराई हुई या लगातार एक ही टोन में बोलने वाली आवाज कई बार प्रभाव कम कर देती है।
आवाज में छलके आत्मविश्वास
मनोविज्ञान के मुताबिक आत्मविश्वास से भरी आवाज लोगों को भरोसेमंद महसूस कराती है। रिसर्च यह भी बताती है कि जिन लोगों की आवाज संतुलित और स्थिर होती है, उन्हें अकसर ज्यादा सक्षम और प्रभावशाली माना जाता है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि हर किसी की आवाज एक जैसी होनी चाहिए। असली असर इस बात से पड़ता है कि आप कितने स्वाभाविक तरीके से बोलते हैं।
बोलने का टोन रखता है मायने
कई बार एक ही बात अलग-अलग टोन में बिल्कुल अलग असर डालती है। अगर आप सामने वाले से गर्मजोशी और सम्मान के साथ बात करते हैं, तो लोग ज्यादा जल्दी कनेक्ट महसूस करते हैं। साइकोलॉजी यह भी कहती है कि लोग उन लोगों को ज्यादा पसंद करते हैं जिनकी आवाज में रुचि, ऊर्जा और ईमानदारी महसूस होती है।
बहुत तेज या बहुत धीमी ना बोलें
बहुत तेजी से बोलना कई बार आपकी घबराहट बन जाता है तो वहीं बेहद धीमी आवाज आत्मविश्वास की कमी सी लगती है। विशेषज्ञों के अनुसार बातचीत में सही गति और साफ शब्दों का इस्तेमाल सामने वाले पर बेहतर प्रभाव छोड़ता है।
अच्छी बात से जरूरी है अच्छा टोन
लोगों को लगता है कि सामने वाले से जुड़ने के लिए मजेदार बातें करना जरूरी है, लेकिन रिसर्च बताती है कि गर्मजोशी, ध्यान से सुनना और सही टोन में बात करना ज्यादा असरदार होता है। यही वजह है कि कुछ लोगों की आवाज सुनते ही अपनापन महसूस होता है, जबकि कुछ लोग अच्छी बातें करने के बावजूद दिल में जगह नहीं बना पाते।
आवाज बन सकती है आपकी पहचान
विशेषज्ञ मानते हैं कि बातचीत के दौरान आपकी आवाज आपकी भावनाओं और व्यक्तित्व का आईना होती है। अगर आप शांत, सकारात्मक और आत्मविश्वास के साथ बोलते हैं, तो लोग स्वाभाविक रूप से आपकी ओर आकर्षित होने लगते हैं।
