बीते 12 जुलाई को मुकेश और नीता अंबानी के छोटे शाहबजादे अनंत अंबानी ने राधिका मर्चेंट संग सात फेरे लिए। उनकी शादी की चर्चा देश-विदेश में भी रही। शादी में देश-दुनिया के गणमान्य लोग भी शामिल हुए थे। अनंत-राधिका की शादी में अंबानी परिवार की बहुओं का शाही अंदाज देखने को मिला। लेकिन शादी में सबसे ज्यादा नीता अंबानी के गजरा लुक की चर्चा रही। नीता अंबानी अनंत की शादी में शाही लुक में नज़र आई थीं। अनंत अंबानी की शादी में नीता अंबानी ने जो लुक कैरी किया था, उसमें भारतीय सभ्यता की झलक दिखाई दे रही थी। शादी के मौके पर नीता अंबानी ने मशहूर डिजाइनजर अबू जानी संदीप घोसला का कस्टम रंगकट घाघरा पहना था। पीच रंग के इस घाघरे में पिंक और पिस्ता ग्रीन रंग का वर्क किया गया था। इस घाघरा लुक को नीता ने स्टाइलिश हेयर और बालों में गजरा लगाकर कंप्लीट किया था। नीता ने अपने गजरा लुक से पूरी लाइमलाइट लूट ली थी। जब अंबानी परिवार की बड़ी बहू नीता ने गजरा लगाया तो देशभर में गजरे पर चर्चा होने लगी। नीता का गजरा लुक वायरल होते ही बी-टाउन एक्ट्रेसेस ने भी उनके लुक को कॉपी करना शुरू कर दिया। अब सोचिए जब गजरे की इतनी चर्चा हो रही है तो उसका इतिहास कितना कमाल का होगा।
बॉलीवुड में गजरे का चलन
बॉलीवुड में भी गजरे का चलन काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है। बी टाउन एक्ट्रेस अवॉर्ड फंक्शन हो या फिर शादी समारोह अपने लुक को एन्हांस करने के लिए गजरे का सहारा लेती हैं। अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नंदा का गजरा लुक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। नव्या नंदा ने अनंत-राधिका की शादी में गोल्डन कलर का लंहगा कैरी किया था। इस लुक को उन्होंने गजरा लगाकर कंप्लीट किया था। वहीं आलिया भट्ट भी अनंत-राधिका की शादी में पहुंची थी। उन्होंने मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के कलेक्शन से सिल्क की फूशिया पिंक आशावली साड़ी पहनी थी। आलिया ने अपने लुक को और ज्यादा अट्रैक्टिव बनाने के लिए गोल्ड और पन्ना का चोकर नेकलेस पहना था। बालों को बन हेयरस्टाइल में रखते हुए उन्होंने गजरा लगाया था। उनके इस लुक की हर तरफ चर्चा हो रही थी। वहीं शाहीद कपूर की वाइफ मीरा राजपूत ने चिकनकारी आइवरी लहंगा पहना था। वहीं उन्होंने भी बालों में गजरा लगाकर इस लुक को कंप्लीट किया था। गजरे का चलन काफी पुराना है। 70 और 80 के दशक की एक्ट्रेसेस के बीच भी गजरा लुक काफी प्रसिद्ध था।
इस फूल से तैयार होता है गजरा
गजरा चमेली के फूलों से तैयार किया जाता है। लेकिन बदलते समय के हिसाब से गजरे चमेली की कलियों, चमेली या मोगरा के फूलों से भी बनाए जाते हैं। कुछ मामलों में, इसे और अधिक सुंदर और अलंकृत रूप देने के लिए चमेली के फूल के साथ छोटी गुलाब की कलियां भी लगाई जाती हैं। प्रत्येक चमेली की कली को सादे सफेद या रंगीन धागे पर एक साथ बांधा जाता है। इन दिनों गजरा बनाने के लिए गुलाब, मोगरा, चमेलीके फूलों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
गजरे की कीमत
गजरे की कीमत की बात करें तो समय के साथ इसकी कीमतों में भी काफी अंतर आया है। पहले के जमाने में गजरे एक पैसे के आते थे। लेकिन अब गजरे की कीमत तकरीबन 500 से 1000 रुपये के बीच है। आप जिस तरह का गजरा बनवाते हैं उस हिसाब से इसकी कीमतें हो सकती है।
सोलह श्रृंगार का हिस्सा
हिंदू पौराणिक कथाओं के मुताबिक, गजरा दुल्हनों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला सोलह श्रृंगार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शादी के मौके पर जब दुल्हन तैयार होती है तो सोलह श्रृंगार करती हैं। सोलह श्रृंगार में श्रृंगार की कई चीजें शामिल होती है उनमें से एक गजरा भी होता है। गजरा लुक को स्टाइलअप करने का काम करते हैं। प्राचीन समय में, गजरा फेस्टिवल और फंक्शन के मौके पर पहना जाता था। गजरे को तैयार करने के लिए आमतौर पर चमेली के फूल का इस्तेमाल किया जाता था। क्योंकि इसे शुभ माना जाता है और इसकी खुशबू लोगों को खूब पसंद आती है।
गजरे का धार्मिक महत्व
गजरे के फूलों का अपना एक धार्मिक महत्व भी है। गजरे में इस्तेमाल होने वाले चमेली के सफेद फूल मां लक्ष्मी को बहुत पसंद होता हैं। मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए चमेली के फूल चढ़ाए जाते हैं। महिलाओं को भी मां लक्ष्मी का रूप माना जाता है इसलिए बालों में गजरा लगाना शुभ माना जाता है। बेला और चमेली से बना गजरा लगाने से घर में सुख शांति आती है। इसके साथ ही पति पत्नी के बीच प्रेम भी बढ़ता है।
