Jellyfish Parenting: आपने जलीफिश तो देखी ही होगी। मुलायम, आकारहीन, लहरों के साथ बहने वाली जेलीफिश ना तो तेज धार का विरोध करती है और ना ही कोई स्थायी आकार लेती है। कुछ इसी तरह का भाव आजकल के बहुत से पेरेंट्स में देखने को मिल रहा है। इस तरह की परवरिश में ना तो डांट है और न ही किसी तरह का दिशानिर्देश। कुछ है तो बस प्यार, समझ और बच्चों के लिए खुला आसमान। लेकिन क्या ऐसी पेरेंटिंग स्टाइल बच्चों के विकास के लिए सही हैं? आइए इस मॉडर्न पेरेंटिंग स्टाइल के तमाम पहलुओं को समझने की कोशिश करते हैं:
What is Jellyfish Parenting meaning in Hindi, कैसे करते हैं जेलीफिश पेरेंटिंग
क्या है जेलीफिश पेरेंटिंग? (What is Jellyfish Parenting)
जेलीफिश पेरेंटिंग परवरिश का वह तरीका है जिसमें पेरेंट्स बच्चों के प्रति बेहद कोमल, भावनात्मक और लचीले होते हैं। वे बच्चों पर किसी भी तरह की बंदिश नहीं थोपते। न तो 'ना' कहते हैं, न नियम बनाते हैं। बच्चे अगर देर तक टीवी देखना चाहें, स्कूल न जाना चाहें या खाना न खाना चाहें तो जेलीफिश पेरेंट्स उनपर दबाव नहीं डालते बल्कि उन्हें खुद से समझने और फैसला लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
What is Jellyfish Parenting
जेलीफिश पेरेंटिंग के फायदे (Benefits Of Jellyfish Parenting)
यह पेरेंटिंग स्टाइल ‘स्ट्रक्चरलेस लव’ पर आधारित होती है। यानी बिना किसी ढांचे के प्रेम। अनुशासन की जगह यहां समझ होती है, सजा की जगह संवाद और नियंत्रण की जगह स्वतंत्रता होती है। आइए डालते हैं एक नजर इसके संभावित फायदों पर:
1. भावनात्मक सुरक्षा: बच्चे जब ये देखते हैं कि उनकी बातों को पूरा सम्मान दिया जा रहा है, सुना जा रहा है, समझा जा रहा है तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। जेलीफिश पेरेंट्स बच्चों की हर भावना का सम्मान करते हैं। इससे बच्चा खुलकर बोलना और अपनी बात रखना सीखता है।
2. बढ़ती है रचनात्मकता: जब कोई नियम या सीमाएं नहीं होती हैं तो बच्चों की कल्पना उड़ान भरने लगती है। वे नए विचार लाते हैं, प्रयोग करते हैं और खुद के अनुभव से सीखते हैं।
Benefits of Jellyfish Parenting
3. संवाद पर जोर: इस पेरेंटिंग स्टाइल में संवाद को बहुत अहमियत दी जाती है। माता-पिता बच्चों के दोस्त बन जाते हैं। इससे बच्चे किसी भी विषय पर खुलकर बात कर सकते हैं।
4. आत्मनिर्भरता: जब बच्चे खुद निर्णय लेने लगते हैं तो उनमें एक तरह की आत्मनिर्भरता पनपती है। वह जानते हैं कि वह अपने फैसलों के लिए खुद जिम्मेदार होंगे।
लेकिन क्या यह पर्याप्त है?
जहां एक ओर जेलीफिश पेरेंटिंग बच्चों को स्वतंत्रता देती है, वहीं दूसरी ओर इसकी सीमाएं और नुकसान भी हैं। जैसे समुद्र में बिना दिशा की जेलीफिश लहरों के हवाले होती है, वैसे ही बच्चे बिना स्पष्ट मार्गदर्शन के दिशाहीन हो सकते हैं।
जेलीफिश पेरेंटिंग के नुकसान
1. अनुशासन की कमी: बिना सीमाओं के बच्चे जीवन में जरूरी अनुशासन नहीं सीख पाते। उन्हें यह समझने में कठिनाई होती है कि कब रुकना है, कब समझौता करना है।
2. सीमाओं की अस्पष्टता: बच्चों को स्पष्ट सीमाओं की आवश्यकता होती है। जब उन्हें यह नहीं पता होता कि क्या सही है और क्या नहीं, तो वे असमंजस और असुरक्षा में जीते हैं।
Cons of Jellyfish Parenting
3. जिम्मेदारी से दूरी: स्वतंत्रता तभी लाभदायक होती है जब उसके साथ उत्तरदायित्व भी हो। लेकिन अगर बच्चा हर चीज को खुद की मर्जी से करता है तो वह जिम्मेदारी से दूर हो सकता है।
4. समाज में तालमेल की कठिनाई: बिना नियमों के बड़ा हुआ बच्चा जब सामाजिक जीवन में प्रवेश करता है, तो वहां के अनुशासन और अपेक्षाओं से टकरा जाता है। उसे समझ नहीं आता कि सामने वाले के 'ना' को कैसे स्वीकारें।
कैसे करें जेलीफिश पेरेंटिंग? (How to do Jellyfish Parenting)
बहुत से एक्सपर्ट्स का मानना है कि जेलीफिश पेरेंटिंग बच्चों के लिए फायदेमंद हो सकती है अगर उसे सही से किया जाए। यदि कोई इस पेरेंटिंग स्टाइल को अपनाना चाह रहा है तो उसे सबसे पहले यह समझना होगा कि परवरिश में थोड़ा संतुलन जरूरी है। जेलीफिश पेरेंटिंग का मतलब यह नहीं कि आप सबकुछ छोड़ दें। आइए जानते हैं जेलीफिश पेरेंटिंग करने का सही तरीका:
1. बात करें, आदेश ना दें: बच्चों को जब कोई निर्देश दें तो उनसे जरूर पूछें कि तुम्हें क्या लगता है या तुम्हारी राय क्या है? इससे वह विचारशील बनेगा।
2. सीमाएं तय करें, पर सज़ा नहीं दें: बच्चे को बताएं कि कुछ चीजें जरूरी क्यों हैं। जैसे सोने का समय, पढ़ाई का समय, खेलने का समय आदि। लेकिन इसे समझाने में धैर्य रखें।
Jellyfish Parenting in Hindi
3. सुनना सीखें: जेलीफिश पेरेंटिंग में सबसे ज़रूरी है सुनना। बच्चे को खुलने दें। कभी-कभी उसका गुस्सा, जिद या रोना केवल इसलिए भी होता है कि पेरेंट्स सुन नहीं रहे होते हैं।
4. प्रोत्साहित करें, तुलना नहीं: बच्चों की तुलना उनके दोस्तों, भाई-बहनों या खुद से न करें। बस यह कहें कि मैं तुम्हारे इस प्रयास को देख रहा/रही हूं।
क्या जेलीफिश पेरेंटिंग भारत में संभव है?
भारत जैसे समाज में जहां संयुक्त परिवार, सामाजिक अपेक्षाएं और अनुशासन की परंपरा गहराई से जुड़ी है, वहां जेलीफिश पेरेंटिंग थोड़ा विरोधाभासी लग सकती है। लेकिन शहरी जीवनशैली में जहां माता-पिता व्यस्त हैं, वहां यह शैली तेजी से उभर रही है। यह शैली विशेष रूप से उन माता-पिता के लिए है जो बच्चों से दोस्त की तरह रिश्ता बनाना चाहते हैं।
जेलीफिश पेरेंटिंग का सही तरीका
क्या लहरों के साथ बहना ही सही है?
जेलीफिश पेरेंटिंग हमें यह सिखाती है कि बच्चों को सुनना, समझना और महसूस करना कितना जरूरी है। लेकिन हर लहर लायक नहीं होती कि उसके साथ बहा जाए। कभी-कभी दिशानिर्देश, स्पष्टता और अनुशासन की जरूरत होती है। इसलिए जेलीफिश पेरेंटिंग तभी फलदायी होगी अगर उसमें "मजबूती" की रीढ़ हो। प्यार लहरों की तरह बहता रहे, पर दिशा देने वाला कोई लाइटहाउस भी जरूरी है, ताकि जीवन की नाव सुरक्षित किनारे तक पहुंचे।
