शाम को या काम के बीच हल्की भूख लगते ही ज्यादातर लोग समोसा, चिप्स या तली हुई चीजें खा लेते हैं। लेकिन रोजाना ज्यादा तेल वाला खाना सेहत पर असर डाल सकता है। अगर आप फिट रहना चाहते हैं या वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो जीरो ऑयल स्नैक्स बेहतर ऑप्शन्स हो सकते हैं। अच्छी बात यह है कि बिना तेल के भी कई स्वादिष्ट और पौष्टिक स्नैक्स आसानी से घर पर तैयार किए जा सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 आसान स्नैक्स, जिन्हें आप बिना एक बूंद तेल के बना सकते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - स्टील, आयरन या नॉन-स्टिक? जानिए रोज खाना बनाने के लिए कौन-सा बर्तन है सबसे बेहतर
1. स्प्राउट्स चाट
अंकुरित मूंग या चना प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है। इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, खीरा, हरा धनिया, नींबू का रस, काला नमक और भुना जीरा डालकर स्वादिष्ट चाट तैयार करें। यह पेट भरने के साथ शरीर को जरूरी पोषण भी देता है।
2. दही और फलों का बाउल
अगर कुछ हल्का और ठंडा खाना चाहते हैं तो बिना चीनी वाला दही लें और उसमें सेब, केला, पपीता, अनार या मौसमी फल मिलाएं। ऊपर से थोड़ा चिया सीड्स या अलसी डाल सकते हैं। यह स्नैक स्वाद और पोषण दोनों देता है।
3. भुना मखाना
मखाने को बिना तेल के धीमी आंच पर सूखा भून लें। इसके बाद इसमें काला नमक, काली मिर्च और चाट मसाला छिड़क दें। यह हल्का, कुरकुरा और लंबे समय तक पेट भरा रखने वाला स्नैक है।
4. स्टीम्ड कॉर्न
उबले या स्टीम किए हुए स्वीट कॉर्न में नींबू का रस, काला नमक, काली मिर्च और थोड़ा सा चाट मसाला मिलाकर खाएं। इसे बनाने में बहुत कम समय लगता है और यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।
5. ओट्स और सब्जियों का चीला
ओट्स का पाउडर बनाकर उसमें दही, प्याज, टमाटर, गाजर, शिमला मिर्च और मसाले मिलाएं। इसे अच्छे नॉन-स्टिक तवे पर बिना तेल के चीले की तरह पकाएं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 100-200 रुपये का पनीर-बादाम नहीं 20 रुपये की ये चीजें खाएं
अगर आप रोजाना के तले-भुने स्नैक्स की जगह इन आसान विकल्पों को अपनाते हैं। तो स्वाद से समझौता किए बिना अपनी डाइट को ज्यादा हेल्दी बना सकते हैं। हालांकि जीरो ऑयल स्नैक का मतलब यह नहीं है कि आप इन्हें बहुत ज्यादा मात्रा में खाएं।
