Healthy Breakfast Ideas: ज्यादातर लोग लौकी देखते ही मुंह बनाने लगते हैं। आज हम आपसे लौकी से बनी जिस डिश की रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं उसे बनाना आसान है और स्वाद भी बढ़िया लगता है। लौकी की सब्जी और पराठे तो आपने खूब खाए होंगे, लेकिन इससे बनने वाला यह नाश्ता आपका दिल जीत लेगा। इस नाश्ते को बनाने के लिए बहुत मोटी लौकी लेने से बचें। कोशिश करें कि पतली और कम बीज वाली लौकी लें। इसे छीलकर बारीक कद्दूकस कर लें। बारीक कद्दूकस करने से लौकी के रेशे अच्छे से मिल जाते हैं और नाश्ता खाने में भी बढ़िया लगता है।
लौकी से बनाएं हेल्दी नाश्ता
मसाले डालकर तैयार करें मिश्रण
कद्दूकस की हुई लौकी में हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन और स्वाद के हिसाब से नमक डालें। इसके बाद बेसन, सूजी और थोड़ा दही मिलाएं। ध्यान रहे शुरुआत में बहुत ज्यादा पानी न डालें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर इसे न ज्यादा गाढ़ा और न ज्यादा पतला रखें। अब एक कढ़ाई लें और उसमें थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें हींग, जीरा, राई और चाहें तो थोड़े धनिया के दाने डालकर तड़का तैयार करें। इसके बाद आंच धीमी कर दें और तैयार मिश्रण को कढ़ाई में डालें। मिश्रण को कढ़ाई में अच्छी तरह फैलाना जरूरी है। इसे बहुत मोटा रखने पर अंदर से कच्चा रह सकता है। धीमी आंच पर करीब 5-6 मिनट तक इसे पकने दें। बीच-बीच में चेक करते रहें कि मिश्रण कढ़ाई से चिपक तो नहीं रहा है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - क्या भुट्टे के बाल से ठीक होती है किडनी की पथरी? जानिए क्या कहता है मेडिकल साइंस
अच्छी तरह पकने के बाद ट्रे में निकालें
जब मिश्रण अच्छी तरह पककर थोड़ा आटे जैसा सेट हो जाए, तो इसे तेल लगी ट्रे में निकाल लें। चम्मच या स्पैचुला की मदद से इसे बराबर फैला दें। अब इसे कुछ मिनट आराम करने दें ताकि यह अच्छी तरह जम जाए। जब यह सेट हो जाए तो इसे ट्रे से निकालकर अपनी पसंद के आकार में काट सकते हैं। बच्चों के लिए आप इसे ट्रायंगल या किसी मजेदार शेप में भी काट सकते हैं।
तड़का लगाकर बनाएं क्रिस्पी
एक तवे पर थोड़ा तेल डालकर राई, सफेद तिल, हरी मिर्च और करी पत्ता डालें। इसके बाद कटे हुए लौकी के टुकड़ों को तवे पर रखें। इन्हें तेज आंच पर पकाने की गलती न करें। धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें। इससे बाहर से हल्का क्रिस्पी टेक्सचर आएगा और अंदर से नाश्ता अच्छी तरह पका रहेगा। ऊपर से बारीक कटा हुआ ताजा धनिया डालें। चाहें तो इसे हरी चटनी या दही के साथ भी परोस सकते हैं।
