कहीं कचौड़ी तो कहीं मोदक के लिए दौड़ रहे लोग, आखिर क्या है फिटनेस का यह नया ट्रेंड

मुंबई में लोग मोदक के लिए दौड़ रहे हैं, बेंगलुरु में बेकरी से बेकरी तक दौड़ लगाई जा रही है और हैदराबाद में तिरामिसु व आइसक्रीम रन हो रहे हैं।

रात की चादर उतार भोर की किरण अभी अंगड़ाई ही ले रही है, लेकिन कुछ लोग जूते पहनकर निकल चुके हैं। वे दौड़ रहे हैं। दौड़ खत्म होने के बाद उन्हें न कोई मेडल मिलना है, न कोई टाइमिंग का रिकॉर्ड टूटना है..उनका इंतजार कर रही होती है एक प्लेट गरमा-गरम कचौड़ी। यह सुनकर आपको थोड़ा अजीब जरूर लग रहा होगा, लगना भी चाहिए। फिटनेस के लिए पसीना बहाना और फिर कचौड़ी खाना! लेकिन बीकानेर से शुरू हुई इस कचौड़ी रन ने एक नया रंग दिखाया है।

Food Runs

क्यों कचौड़ी या मोदक के लिए दौड़ने निकल रहे लोग

आलम ये है कि यह ट्रेंड सिर्फ बीकानेर तक सीमित नहीं रहा। मुंबई में लोग मोदक के लिए दौड़ रहे हैं, बेंगलुरु में बेकरी से बेकरी तक दौड़ लगाई जा रही है और हैदराबाद में तिरामिसु व आइसक्रीम रन हो रहे हैं। इन शहरों ने जो नया ट्रेंड शुरू किया है, उसके हिसाब से रनिंग क्लब अब दौड़ने की जगह के साथ ही मिलने-जुलने, शहर को नए तरीके से घूमने और कुछ अच्छा खाने का अड्डा भी बन रहे हैं।

फिनिश लाइन से आगे की कहानी

बीकानेर की कचौड़ी रन इस ट्रेंड की सबसे दिलचस्प मिसाल है। यहां दौड़ के बाद लोग शहर के मशहूर नाश्ते का लुत्फ उठाते हैं। यह कोई गंभीर मुकाबला नहीं है। यह तो रविवार की सुबह को हल्का-फुल्का और मजेदार बनाने का तरीका है।

आम रनिंग में घड़ी, रफ्तार और अगली रेस का तनाव रहता है, लेकिन यहां ऐसा कोई बोझ नहीं है। लोग अपनी चाल से दौड़ते हैं, गपशप करते हैं और साथ बैठकर खाते हैं। दौड़ लोगों को जोड़ने का जरिया बन रही है। यही वजह है कि उन लोगों का मन भी अब ऐसे क्लबों की ओर खिंच रहा है, जो अब तक रनिंग से कतराते थे।

बेंगलुरु में दौड़ का रास्ता बेकरी से गुजरता है

बेंगलुरु इस प्रयोग को और खास बना देता है। यहां स्ट्राइड रन क्लब के बेकरी हॉप रन में लोग करीब 5 से 7 किलोमीटर दौड़ते हैं। रनिंग रूट पर बीच-बीच में अलग-अलग बेकरी आती हैं। लोग वहां रुकते हैं, छोटे हिस्सों में वहां की खासियत चखते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं। यह रनिंग और कैफे हॉपिंग का मेल है, और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इस तरह की दौड़ का हिस्सा बन रहे हैं।

मुंबई में मोदक, हैदराबाद में तिरामिसु

इस ट्रेंड की सबसे प्यारी बात यह है कि हर शहर इसे अपने रंग में ढाल लेता है। मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान हुआ मोदक रन इसका शानदार उदाहरण है, जहां उकड़ीचे मोदक को चुना गया। यह मुंबई की संस्कृति से भी जुड़ा है। मोदक रन के आयोजकों को बीकानेर की वायरल कचौड़ी रन से प्रेरणा मिली और उन्होंने शहर की पहचान के साथ इसे जोड़ दिया।

हैदराबाद में यह अंदाज और चुटीला हो गया। वहां तिरामिसु और आइसक्रीम रन हुए, जहां कई बार खाने से भरी ट्रॉली ही साथ चलती है। इस तरह की दौड़ का असली मकसद यह है कि सुबह की जिस रनिंग को लोग बोरिंग समझते हैं, उसमें थोड़ा मजा घोल दिया जाए। जो लोग यह सोचकर झिझकते हैं कि रनिंग क्लब सिर्फ तेज दौड़ने वालों के लिए हैं, उनके लिए यह झिझक तोड़ने का आसान रास्ता बन रहा है।

फिटनेस कम, जुड़ने का बहाना ज्यादा

शहरों की भागदौड़ में घर और दफ्तर के बीच जिंदगी सिमटती जा रही है और दोस्तों के लिए भी वक्त निकालना मुश्किल होता है। ऐसे में ये रन क्लब एक तरह के कम्युनिटी क्लब का काम भी कर रहे हैं। हर रविवार लोग मिलते हैं, साथ दौड़ते हैं, बातें करते हैं और नाश्ते की मेज पर बैठ जाते हैं। किसी को फिटनेस मिलती है, किसी को दोस्त, तो किसी को अपने ही शहर के नए कोने देखने का मौका।

दौड़ने के बाद ये सब खाना कितना सही?

कचौड़ी, तिरामिसु या आइसक्रीम सिर्फ इसलिए सेहतमंद नहीं हो जाते कि आपने पहले दौड़ लगा ली। ज्यादा तला-भुना, भारी या बहुत मीठा खाना दौड़ के दौरान या तुरंत बाद ज्यादा मात्रा में खाने पर पेट में भारीपन, गैस या एसिडिटी जैसी परेशानी दे सकता है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि हल्की एक्टिविटी के दौरान थोड़ी मात्रा में खाना सामान्य स्वस्थ व्यक्ति के लिए आमतौर पर बड़ी दिक्कत नहीं करता, लेकिन खाने की मात्रा और उसकी प्रकृति अहम है। भारी, ज्यादा वसा या ज्यादा शक्कर वाले भोजन से असहजता हो सकती है। इसीलिए ऐसे आयोजनों में खाने का हिस्सा छोटा रखा जाता है।

असली जीत घर से निकलने की है

तो इसे फिटनेस कहें या खाने का बहाना? शायद दोनों में से कोई एक जवाब पूरा नहीं है। इसका मकसद कचौड़ी को सेहत का तमगा देना नहीं है, बल्कि उन लोगों को भी दौड़ने के लिए प्रोत्साहित करना है जिन्हें ट्रेडिशनल रनिंग थोड़ी सख्त लगती है। कोई दोस्तों के लिए आता है, कोई नए कैफे के लिए, कोई मोदक के लिए तो कोई रील बनाने के लिए..लेकिन अगर इन्हीं बहानों से कोई पहली बार दौड़ना शुरू कर दे और अगले हफ्ते फिर निकल पड़े, तो बात बन गई।

फिटनेस की बातें हमेशा पसीने और सख्त नियमों की जुबान में ही क्यों हों? कभी दोस्ती में, कभी शहर के स्वाद में और कभी रविवार की सुबह की मुस्कान में भी उसकी झलक मिल सकती है। अब सवाल यह नहीं कि दौड़ने के बाद कचौड़ी क्यों? सवाल यह है कि अगर एक कचौड़ी किसी को सुबह पांच बजे रजाई से उठाकर सड़क पर ले आए, तो इसमें हर्ज ही क्या है?

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed