Rainy Season Humidity Effect: बारिश का मौसम आते ही हम खाने-पीने की चीजों को खराब होने से बचाने की कोशिश करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस मौसम की नमी आपकी दवाइयों पर भी असर डाल सकती है? कई लोग दवाइयों को अलमारी, किचन या बाथरूम में रख देते हैं और फिर महीनों तक उसी तरह इस्तेमाल करते रहते हैं। लेकिन ज्यादा नमी वाली जगह पर रखी दवा समय से पहले खराब हो सकती है। ऐसी दवा बाहर से ठीक दिखे, फिर भी उसका असर कम हो सकता है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. के. सेशी किरण कहते हैं कि दवा को सही समय पर लेना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसे सही तरीके से संभालकर रखना भी है। खासकर मानसून में कुछ छोटी-छोटी सावधानियां आपकी दवाइयों की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।
बारिश की नमी कैसे कर सकती है दवाओं के खराब
बारिश की नमी दवाइयों को कैसे नुकसान पहुंचाती है
डॉ. के. सेशी किरण बताते हैं कि कई दवाइयां हवा में मौजूद नमी को जल्दी खींच लेती हैं। ऐसा होने पर दवा की गुणवत्ता धीरे-धीरे कम होने लगती है। कई बार दवा की एक्सपायरी डेट तो बाकी रहती है, लेकिन फिर भी वह पहले जैसा असर नहीं करती। इसलिए सिर्फ तारीख देखकर दवा को सुरक्षित मान लेना सही नहीं है। अगर दवा लंबे समय तक नमी में रही है, तो उसकी ताकत कम हो सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मॉनसून में Low Blood Pressure के मामले क्यों बढ़ जाते हैं, डॉक्टर से जानें बारिश का मौसम शरीर पर क्या असर डालती है
किन दवाइयों को सबसे ज्यादा संभालकर रखना चाहिए
कुछ दवाइयां ऐसी होती हैं जिन पर नमी का असर जल्दी पड़ता है। इनमें सामान्य टैबलेट, कैप्सूल, पाउडर वाली दवाइयां, पानी में घोलकर पी जाने वाली गोलियां, कुछ एंटीबायोटिक्स, प्रोबायोटिक्स और कुछ विटामिन सप्लीमेंट शामिल हैं। अगर ये दवाइयां सही जगह पर न रखी जाएं, तो उनका असर कम हो सकता है। इसलिए इन्हें हमेशा सूखी और ठंडी जगह पर रखना बेहतर होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
दवा खराब होने के ये संकेत बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर कोई टैबलेट पहले से ज्यादा नरम हो गई है, हाथ में चिपक रही है, टूटने लगी है, उसका रंग बदल गया है या उससे अजीब सी गंध आने लगी है, तो उसे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। डॉ. के. सेशी किरण के अनुसार, ऐसी दवा शरीर को पूरा फायदा नहीं दे पाती। इसलिए सिर्फ यह देखकर कि एक्सपायरी डेट बाकी है, दवा का इस्तेमाल करना ठीक नहीं है।
मानसून में दवाइयों को रखने का सही तरीका
बारिश के दिनों में दवाइयों को हमेशा उसी पैक में रखें, जिसमें कंपनी ने उन्हें दिया है। बार-बार उन्हें दूसरे डिब्बों में निकालने से बचें। दवाइयों को बाथरूम या किचन में रखने की गलती न करें, क्योंकि वहां नमी ज्यादा रहती है। सबसे अच्छी जगह घर की ऐसी अलमारी है, जहां धूप न आती हो और जगह सूखी हो। दवा की बोतल हर बार इस्तेमाल के बाद अच्छी तरह बंद करें और गीले हाथों से गोली निकालने से बचें।
क्या हर दवा फ्रिज में रखनी चाहिए?
कई लोगों को लगता है कि फ्रिज में रखने से हर दवा ज्यादा सुरक्षित रहती है, लेकिन ऐसा नहीं है। डॉ. के. सेशी किरण कहते हैं कि केवल वही दवाइयां फ्रिज में रखें, जिनके लेबल पर ऐसा साफ लिखा हो। बाकी दवाइयों को सामान्य कमरे के तापमान पर सूखी जगह में रखना ही सही रहता है। अगर किसी दवा को कैसे रखना है, इसे लेकर मन में कोई सवाल हो, तो डॉक्टर या फार्मासिस्ट से जरूर पूछ लें। सही तरीके से रखी गई दवा ही सही समय पर पूरा फायदा देती है।
डिस्क्लेमर
यह लेख यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. के. सेशी किरण द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य केवल स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना है। किसी भी दवा के इस्तेमाल या उसकी स्टोरेज को लेकर अगर कोई संदेह हो, तो अपने डॉक्टर या फार्मासिस्ट से सलाह जरूर लें।
