भारतीयों के लिए चाय (Chai) सिर्फ एक ड्रिंक नहीं बल्कि एक एहसास है। चुभती गर्मी से लेकर कड़ाके की ठंड में भी चाय के दीवाने आपको दिख ही जाएंगे। भारत में चाय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा मानी जाती है। सुबह की शुरुआत हो, ऑफिस की थकान हो या दोस्तों के साथ गपशप, एक कप गर्म चाय हर मौके को खास बना देती है। यही वजह है कि आज दुनियाभर में इंटरनेशनल चाय दिवस भी बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। ऐसे में अगर आप बढ़िया कड़क मसालेदार चाय पीना चाहते हैं, तो यहां देखें चाय कैसे बनाते हैं, 4 लोगों की चाय में कितना दूध, कितनी चीनी और कितनी चाय पत्ती डालनी चाहिए।
चाय कैसे बनाते हैं, How To Make Chai
कई बार चाय ज्यादा फीकी बन जाती है तो कभी इतनी कड़क कि उसका स्वाद बिगड़ जाता है। असल में स्वादिष्ट चाय का राज सही मात्रा और सही उबाल में छिपा होता है। अगर चाय सही तरीके से बनाई जाए तो हर घूंट मजेदार लगने लगता है। ये रही 4 लोगों के लिए एकदम ही परफेक्ट और कड़क चाय बनाने की रेसिपी -
चाय में क्या क्या डालना चाहिए
2 कप पानी
2 कप दूध
4 छोटे चम्मच चाय पत्ती
3 से 4 छोटे चम्मच चीनी
थोड़ा अदरक या इलायची
सबसे पहले पानी उबालें
सबसे पहले आपको एक पतीले में पानी डालकर उसे अच्छी तरह उबाल लेना है। अगर अदरक डालना हो तो इसी समय डाल दें। इससे स्वाद और खुशबू बढ़ती है।
अब डालें चाय पत्ती
पानी और अदरक में अच्छा हल्का उबाल आ जाए तो पानी में 4 छोटे चम्मच चाय पत्ती डालें और 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। इससे चाय का रंग और स्वाद अच्छा आता है।
दूध डालने का सही समय
अब उबलती चाय में दूध डालें और 3 से 4 मिनट तक पकाएं। ज्यादा देर तक पकाने से चाय का स्वाद कड़वा भी हो सकता है।
स्वादानुसार चीनी
अगर आप 4 लोगों के लिए चाय बना रहे हैं, तो 3 से 4 चम्मच चीनी डाले। हालांकि मिठास पसंद के हिसाब से कम या ज्यादा की जा सकती है।
यह भी पढ़ें - AC का पानी किस काम आता है
एक दो उबाल के बाद आपकी चाय तैयार है। अगर ज्यादा कड़क चाय चाहिए तो चाय पत्ती थोड़ी बढ़ा सकते हैं और चाय को धीमी आंच पर ज्यादा पकाएं। चाय में अदरक के साथ आप इलायची भी डाल सकते हैं।
