लाइफस्टाइल

आलिया-करीना की योगा टीचर ने इस योगा को बताया बेस्ट, गर्दन से लेकर पीठ तक का दर्द होगा छूमंतर

थकान, तनाव से लेकर शरीर दर्द से छुटकारा पाने के लिए भी योगा को सबसे अच्छा माना जाता है। ऐसे में सेलिब्रिटी योगा ट्रेनर द्वारा गरुड़ासन को खास बताया गया है, ऐसे में यहां देखें आखिर गरुड़ासन क्या है, इसको कैसे करते हैं और इसके फायदे क्या-क्या हैं।

Image

Garudasana

शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने के लिए योग बहुत ही आसान और लाभकारी तरीका है। शरीर के हर हिस्से के लिए अलग-अलग योगासन होते हैं। रोज थोड़ा समय योग के लिए निकालने से न सिर्फ शरीर मजबूत होता है बल्कि दर्द, थकान, तनाव और बीमारी में भी आराम मिलता है। यह दवाइयों से बचने का एक अच्छा तरीका है। बच्चे, बड़े और बुजुर्ग सभी योग कर सकते हैं। ऐसा ही एक आसन है- गरुड़ासन।

गरुड़ासन क्या है, What Is Garudasana

इस आसन का नाम पौराणिक कथाओं में पक्षियों के राजा नाम से विख्यात 'गरुड़' पर रखा गया है, गरुड़ यानी चील। इस आसन को करते समय चील की मुद्रा अपनानी पड़ती है, इसलिए इस आसन को गरुड़ासन कहते हैं। अंग्रेजी में इसे ईगल पोज कहा जाता है। चलिए आपको योग प्रशिक्षक अंशुका परवानी के मुताबिक, इसे करने का सही तरीका और फायदे से रूबरू कराते हैं।

गरुड़ासन कैसे करते हैं, How To Do Garudasana

बता दें कि अंशुका परवानी कई बॉलीवुड सितारों को योगा सिखाती हैं। वह करीना कपूर, दीपिका पादुकोण, रकुल प्रीत सिंह, आलिया भट्ट, अनन्या पांडे और कई अन्य सेलेब्स की ट्रेनर हैं। योग प्रशिक्षक अंशुका परवानी के मुताबिक, गरुड़ासन को करने के लिए पहले आप ताड़ासन मुद्रा में आराम से खड़े हो जाएं। इस दौरान आप सामान्य रूप से सांस लेते रहें। अब अपने घुटनों को थोड़ा मोड़ें और दोनों हाथों को सामने की ओर लाएं। अब पूरे शरीर का संतुलन दाएं पैर पर लें और बाएं पैर को ऊपर की ओर उठाएं। इसके बाद बाएं पैर को दाईं टांग के आगे से घूमाते हुए पीछे की ओर ले जाएं। इस स्थिति में बाईं जंघा, दाईं जंघा के ऊपर रहेगी। इसके बाद आपको दोनों बाजुओं को कोहनी से मोड़ते हुए क्रॉस करना है। इस दौरान बाईं बाजू को दाईं बाजू के ऊपर रखना है। फिर आपको दोनों हथेलियों को नमस्कार मुद्रा में लाने की कोशिश करनी है। जब तक संभव हो इस मुद्रा में रहें और धीरे-धीरे अपनी प्रारंभिक स्थिति में आ जाएं। इस तरह गरुड़ासन के तीन से पांच चक्र किए जा सकते हैं।

गरुड़ासन के फायदे, Benefits Of Garudasana

गरुड़ासन बाजुओं की मांसपेशियों को मजबूत करता है और लचीलेपन को बढ़ाता है। इसके अभ्यास से शरीर के ऊपरी हिस्से, जैसे गर्दन, कंधों और पीठ के दर्द से राहत मिलती है और तनाव भी दूर होता है। इससे संतुलन और स्थिरता में मदद मिलती है और ध्यान और मानसिक एकाग्रता में सुधार होता है। यही नहीं, इस आसन से शरीर का ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। यूरीन संबंधी समस्याओं से निजात दिलाने में यह आसन मददगार है। पुरुषों के लिए यह आसन लाभकारी है, यह प्रजनन अंगों के लिए भी फायदेमंद है। लेकिन यह बात ध्यान रहे कि अगर आप लो ब्लड प्रेशर के मरीज हैं या फिर किसी को घुटनों में चोट है या भयंकर दर्द है, उस स्थिति में इस आसन को न करें।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article