बालकनी में रखे सजावटी पौधे कैसे बन सकते हैं डेंगू का अड्डा, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये छोटी-सी गलती

Dengue Mosquito Breeding Risk In Balcony Plants: क्या आपकी बालकनी में रखे सजावटी पौधे डेंगू के मच्छरों का ठिकाना बन रहे हैं? जानिए बारिश के मौसम में कौन-सी छोटी गलतियां डेंगू का खतरा बढ़ा सकती हैं।

Dengue Mosquito Breeding Risk In Balcony Plants: बारिश का मौसम आते ही घर की बालकनी में रखे हरे-भरे पौधे मन को सुकून देते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर इन पौधों की सही देखभाल न की जाए, तो यही डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का ठिकाना भी बन सकते हैं? घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि डेंगू पौधों से नहीं फैलता। असली परेशानी तब होती है, जब गमलों या उनके नीचे रखी ट्रे में बारिश का पानी जमा रह जाता है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. जी. कृष्णा मोहन रेड्डी बताते हैं कि बारिश के मौसम में ऐसी छोटी-छोटी लापरवाहियां डेंगू का खतरा बढ़ा सकती हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर इस खतरे से काफी हद तक बचा जा सकता है।

Dengue Mosquito Breeding Risk In Balcony Plants

बालकनी में रखे गमले कैसे बढ़ा सकते हैं डेंगू का रिस्क

पौधे नहीं रुका हुआ पानी बढ़ाता है डेंगू का खतरा

अक्सर लोग सोचते हैं कि घर में ज्यादा पौधे रखने से डेंगू हो जाता है, लेकिन यह सही नहीं है। डॉ. जी. कृष्णा मोहन रेड्डी कहते हैं कि डेंगू फैलाने वाले मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपते हैं। बारिश के बाद अगर गमलों की ट्रे, सजावटी गमले, बाल्टी या बालकनी की नाली में पानी जमा रह जाए, तो वहीं मच्छर अंडे देने लगते हैं। इसलिए पौधों से ज्यादा जरूरी है उनके आसपास पानी जमा न होने देना।

बारिश के मौसम में क्यों बढ़ जाती है परेशानी

मानसून में बार-बार बारिश होने से बालकनी और छत पर पानी रुकना आम बात है। अगर यह पानी कई दिनों तक वहीं पड़ा रहे, तो मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। ये मच्छर अक्सर घरों के आसपास ही रहते हैं और दिन के समय भी काटते हैं। इसलिए अगर घर की बालकनी या छत साफ नहीं रखी जाए, तो परिवार के लोगों पर डेंगू का खतरा बढ़ सकता है।

इन छोटी आदतों से डेंगू का खतरा कम किया जा सकता है

डॉ. रेड्डी सलाह देते हैं कि गमलों के नीचे रखी ट्रे और प्लेट को हर हफ्ते खाली करके अच्छी तरह धोएं। पौधों में जरूरत से ज्यादा पानी न डालें और यह देखें कि गमले का अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल जाए। अगर बाल्टी, पानी डालने वाला डिब्बा या कोई सजावटी बर्तन इस्तेमाल में नहीं है, तो उसमें पानी जमा न रहने दें। साथ ही बालकनी की नाली भी साफ रखें ताकि बारिश का पानी रुके नहीं।

मच्छरों को घर से दूर रखने के लिए ये बातें भी याद रखें

अगर बालकनी में पौधे बहुत ज्यादा घने हो गए हैं, तो समय-समय पर उनकी छंटाई करते रहें। इससे वहां नमी कम रहेगी और मच्छरों के छिपने की जगह भी नहीं बनेगी। सुबह और शाम के समय पूरे बाजू के कपड़े पहनें और मच्छरों से बचाने वाली क्रीम या रिपेलेंट का इस्तेमाल करें। घर की खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगाना भी एक अच्छा तरीका है, जिससे मच्छर अंदर नहीं आ पाते।

ये लक्षण दिखें तो इंतजार बिल्कुल न करें

अगर किसी को तेज बुखार आए, सिर में तेज दर्द हो, आंखों के पीछे दर्द महसूस हो, शरीर और जोड़ों में बहुत ज्यादा दर्द हो, बार-बार उल्टी हो, पेट में तेज दर्द हो, नाक या मसूड़ों से खून आए या बहुत ज्यादा कमजोरी लगे, तो इसे नजरअंदाज न करें। डॉ. जी. कृष्णा मोहन रेड्डी कहते हैं कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। समय पर इलाज और शरीर में पानी की कमी न होने देना गंभीर डेंगू से बचाने में अहम भूमिका निभाता है।

End Article
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर ...

End of Feed