अच्छी नौकरी और ठीक-ठाक सैलरी होने के बावजूद अगर महीने के आखिर में अकाउंट खाली नजर आता है, तो समस्या हमेशा कम कमाई नहीं होती। कई बार हमारी अपनी पैसों से जुड़ी आदतें रास्ते में आ जाती हैं। हम कितना कमाते हैं, यह जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है कि उस पैसे को कैसे संभालते हैं। जाने-माने बिजनेसमैन और मोटिवेशनल इन्फ्लुएंसर अनकुर वारिकू के अनुसार इंसान अपनी इन पांच आदतों के कारण हमेशा आर्थिक रूप से परेशान ही रहता है:
अंकुर वारिकू के अनुसार ये 5 आदतें इंसान को हमेशा बनाए रखती हैं गरीब
बजट न बनाना
अगर आपको यह पता ही नहीं कि महीने में पैसा कहां जा रहा है, तो बचत करना मुश्किल होगा। छोटे-छोटे खर्च मिलकर बड़ी रकम बन जाते हैं। इसलिए हर महीने एक आसान बजट बनाएं। खाने-पीने, घर, यात्रा, शॉपिंग और मनोरंजन जैसे खर्चों की सीमा तय करें। सिर्फ बजट बनाना ही काफी नहीं है। महीने के दौरान अपने खर्चों को ट्रैक करना भी जरूरी है। इससे पता चलेगा कि कहां जरूरत से ज्यादा पैसा जा रहा है।
महंगा कर्ज लेते रहना
क्रेडिट कार्ड और पर्सनल लोन जरूरत के समय काम आ सकते हैं, लेकिन इन पर लगने वाला ब्याज आपकी आर्थिक स्थिति पर भारी पड़ सकता है। खासकर क्रेडिट कार्ड का सिर्फ मिनिमम अमाउंट भरते रहना खतरनाक हो सकता है। बाकी रकम पर ब्याज जुड़ता रहता है और कर्ज तेजी से बढ़ जाता है। इसलिए अगर आपके ऊपर महंगा कर्ज है तो उसे प्राथमिकता से चुकाने की कोशिश करें।
इमरजेंसी फंड न होना
नौकरी जाना, अचानक बीमारी, घर की मरम्मत या कोई बड़ा खर्च कभी भी सामने आ सकता है। अगर ऐसे समय में आपके पास अलग से बचा पैसा नहीं है तो आपको क्रेडिट कार्ड या लोन का सहारा लेना पड़ सकता है। इमरजेंसी फंड ऐसी स्थिति में आर्थिक सुरक्षा देता है। इसलिए नियमित बचत का एक हिस्सा सिर्फ आपात स्थिति के लिए अलग रखना समझदारी है।
कमाई बढ़ते ही खर्च बढ़ा देना
सैलरी बढते ही महंगा फोन, बड़ी कार, ज्यादा बाहर खाना या महंगी छुट्टियां शुरू हो जाएं तो कमाई बढ़ने का फायदा बचत में दिखाई नहीं देगा। इसे लाइफस्टाइल इन्फ्लेशन कहा जाता है। कमाई बढ़ने पर खर्च बढ़ाने के बजाय बचत और निवेश भी बढ़ाना बेहतर है। इससे समय के साथ आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है।
निवेश को लगातार टालते रहना
अभी कमाता ही कितना हूं, बाद में निवेश करूंगा- यह सोच लंबे समय में भारी पड़ सकती है। जल्दी निवेश शुरू करने का सबसे बड़ा फायदा समय है। लंबे समय तक नियमित निवेश करने से कंपाउंडिंग का लाभ मिल सकता है।
हर कमाने वाले इंसान के पास मौका होता है कि वह हर गुजरते दिन के साथ अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सके। अब ये उसके हाथ में है कि वो किस तरह से रणनीति बनाकर आगे बढ़ता है। अंकुर वारिकू की बताई गई इन पांच बातों पर जितनी जल्दी अमल कर लें उतना फायदा उठाया जा सकता है।
