Ankur Warikoo Parenting Rules: हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा परेशान न हो, उसे किसी तरह की तकलीफ न मिले और वह जिंदगी में सफल हो। लेकिन इसी चाहत में कई बार माता-पिता बच्चों की हर छोटी-बड़ी परेशानी खुद सुलझाने लगते हैं। बच्चा स्कूल बस के लिए लेट हुआ तो उसे छोड़ने चले गए, होमवर्क नहीं किया तो किसी तरह पूरा करा दिया या टीचर ने डांट दिया तो तुरंत सफाई देने पहुंच गए।
हर माता-पिता के काम आएंगे अंकुर वारिकू के ये 3 स्मार्ट पैरेंटिंग रूल्स (Photo: iStock)
जाने-माने इन्फ्लुएंसर अंकुर वारिकू और उनकी पत्नी रुचि का मानना है कि बच्चों को हर मुश्किल से बचाना हमेशा उनके हित में नहीं होता। दोनों ने अपने बच्चों की परवरिश के दौरान तीन ऐसे नियम अपनाए हैं, जिनका मकसद बच्चों को आने वाली जिंदगी के लिए तैयार करना है।
कॉलेज ही सफलता का एकमात्र रास्ता नहीं
अंकुर वारिकू और रुचि अपने बच्चों पर यह दबाव नहीं डालते कि उन्हें हर हाल में कॉलेज जाना ही है। उनका मानना है कि सीखने के रास्ते सिर्फ क्लासरूम तक सीमित नहीं हैं। इंटर्नशिप, अपनी पसंद के काम को आगे बढ़ाना या बिजनेस शुरू करना भी सीखने के रास्ते हो सकते हैं।
इसका मतलब यह नहीं कि वे पढ़ाई को जरूरी नहीं मानते। बात सिर्फ इतनी है कि बच्चे की सफलता को एक तय रास्ते से बांधना जरूरी नहीं। जब माता-पिता बच्चे के पूरे करियर का नक्शा पहले से तैयार नहीं करते, तो उसे यह समझने का मौका मिलता है कि उसकी अपनी रुचि और क्षमता किस दिशा में है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इस खास तरह से बेटी की परवरिश कर रही हैं एक्ट्रेस असिन
हर गलती पर तुरंत बचाने न पहुंचें
वारिकू कपल का दूसरा नियम बच्चों को उनके काम का नतीजा खुद महसूस करने देना है। मसलन, अगर बच्चा समय पर तैयार नहीं हुआ और स्कूल बस छूट गई, तो हर बार माता-पिता उसे स्कूल पहुंचाने के लिए तुरंत नहीं दौड़ें। अगर परीक्षा से पहले पढ़ाई नहीं की, तो परीक्षा देनी होगी, भले ही अच्छे नंबर न आएं।
इसी तरह अगर बच्चे ने स्कूल में कोई गलती की और टीचर ने उसे डांटा, तो माता-पिता तुरंत उसके बचाव में खड़े नहीं होते। इससे बच्चे को धीरे-धीरे समझ आता है कि उसके फैसलों के कुछ नतीजे भी होते हैं। यही समझ आगे चलकर जिम्मेदारी की आदत बनाती है।
छोटे कामों से शुरू होती है आत्मनिर्भरता
तीसरा नियम रोजमर्रा के छोटे-छोटे कामों से जुड़ा है। अंकुर वारिकू के बच्चे छोटी उम्र से ही अपने कई काम खुद करते हैं। उन्हें खाना बनाना, अपनी अलमारी साफ रखना, और स्कूल के लिए खुद तैयार होना सिखाया गया है।
घर में दोस्त आएं तो बच्चों से पानी लाने, टेबल लगाने या मेहमानों को कुछ सर्व करने जैसे छोटे काम भी करवाए जाते हैं। ये काम भले ही बहुत छोटे लगें, लेकिन बच्चे के मन में एक बड़ी बात पैदा करते हैं- मैं अपना काम खुद कर सकता हूं।
वारिकू कपल के तीनों नियम इस बात की तरफ इशारा करते हैं कि अच्छी पैरेंटिंग का मतलब हर मुश्किल को बच्चे के रास्ते से हटा देना नहीं है। माता-पिता का साथ जरूरी है, लेकिन हर बार आगे बढ़कर रास्ता साफ कर देना जरूरी नहीं। बच्चों को कुछ छोटी गलतियां करने, उनके नतीजे देखने और फिर उनसे सीखने का मौका देना भी परवरिश का हिस्सा है।
