Coup in Syria: सीरिया में इतनी तेजी से बदले हालात को देखकर हर कोई आश्चर्यचकित है। तभी तो तख्तापलट के बाद हड़कंप मच गया। सीरिया की बशर अल असद सरकार को अपदस्थ कर दिया गया। कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति बशर अल असद दमिश्क छोड़कर मॉस्को चले गए हैं और सीरिया से बशर अल असद परिवार का 50 सालों के अधिक का वर्चस्व समाप्त हो गया। ऐसे में चलिए समझते हैं कि तख्तापलट आखिर होता क्या है? ऐसा क्या हो गया कि एक हफ्ते पहले तक सीरिया के जिन हिस्सों पर बशर अल असद सरकार का नियंत्रण था वहां विद्रोही हावी हो गए?
क्या होता है तख्तापलट (What is Coup)
तख्तापलट (Coup) का मतलब है कि एक छोटे समूह द्वारा जनता द्वारा चुनी गई सरकार को अचानक हिंसक तरीके से उखाड़ फेंकना। आमतौर पर ऐसा सैन्य बलों, तानाशाहों या विद्रोही गुटों द्वारा किया जाता है। यह लोग चुनाव के बिना ही सरकारों को सत्ता से बेदखल कर देते हैं और ऐसा ही नजारा सीरिया में भी देखने को मिला, जहां पर विद्रोही गुटों ने मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंका है।
तख्तापलट का उद्देश्य मौजूदा सरकार को हटाकर नई सरकार को स्थापित करना है। आप लोगों ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश जैसे कई देशों में हुए तख्तापलट की खबरें पढ़ी होंगी, लेकिन सबसे ज्यादा किस देश ने तख्तापलट का दंश सहा है। इससे आप शायद ही वाकिफ हो, लेकिन हम आपको इससे जुड़ी हर एक जानकारी देंगे।
किसके नेतृत्व में हुआ तख्तापलट?
बशर अल असद सरकार के अपदस्थ होने के बाद अल कायदा के पूर्व कमांडर अबू मोहम्मद अल-गोलानी ने सीरिया की बागडोर अपने हाथ में ली है। बता दें कि अबू मोहम्मद अल-गोलानी ने सालों पहले अलकायदा से नाता तोड़ दिया था। इसके बावजूद वह बहुलवाद और धार्मिक सहिष्णुता को महत्व देने की बात कहता रहा है।
कहां हुआ सबसे ज्यादा बार तख्तापलट?
सबसे ज्यादा बार तख्तापलट का दंश सहने वाले देश के बारे में जानने से पहले यह जान लेते हैं कि दुनियाभर में अबतक कितने बार तख्तापलट की घटनाएं हुई हैं। बता दें कि दुनिया के विभिन्न देशों में 1950 से 1989 तक महज 39 सालों में 350 बार तख्तापलट की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जबकि 1990 से 2019 तक में 113 बार तख्तापलट हुआ है। भारत के पड़ोसी पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश में भी तख्तापलट हो चुका है।
यह भी पढ़ें: भूकंप के बाद कैसे और क्यों आती है सुनामी?
ज्यादातर लोग सोचते हैं कि पाकिस्तान में सबसे ज्यादा बार तख्तापलट हुआ है, लेकिन इसमें रत्तीभर भी सच्चाई नहीं है। एपी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिणी अमेरिकी देश बोलीविया में सबसे ज्यादा बार तख्तापलट की कोशिशें हो चुकी हैं।
साल 1825 में स्पेस से आजाद हुए बोलीविया में 190 बार तख्तापलट की कोशिशें हो चुकी हैं। इसकी शुरुआत आजादी मिलने के तीन साल बाद ही हो गई थी, तब आजाद बीलीविया में सत्ता और सेना के बीच संघर्ष शुरू हो हुआ था।
