NASA Image: आसमान में दिखाई देने वाले अनगिनत तारे भी इंसानों की तरह जन्म लेते हैं, विकसित होते हैं और अंततः मर जाते हैं। आणविक बादलों में प्रोटोस्टार बनता है, जो बाद में पूरी तरह से तारा बन जाता है, लेकिन जब एक तारा अपने जीवन के अंतिम चरण में होता है तो वह बेहद चमकीला दिखाई देता है और फिर विस्फोट हो जाता है। यह एक प्रकार की ब्रह्मांडीय घटना है।
NASA ने जारी की तस्वीर
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने सुदूर अंतरिक्ष में फैली हुई मृत तारे की चमक की एक तस्वीर जारी की है। बकौल नासा, बहुत पहले एक सुपरनोवा विस्फोट हुआ होगा, जब इस तारे का जीवनकाल समाप्त हो गया होगा। इस अद्भुत नजारे को नासा हबल स्पेस टेलीस्कोप ने कैप्चर किया, जो क्रैब नेबुला की शक्ल में दिखाई दे रहा है।
क्या है न्यूट्रॉन तारा?
नासा का कहना है कि आप बेवकूफ न बनें। अंतरिक्ष में भयानक दिखने वाली इस वस्तु में अभी भी पल्स (Pluse) बाकी है। यहां पर पल्स से मतलब ब्रह्मांडीय वस्तु के केंद्र में एक चमकदार वस्तु दिखाई दे रही है। बकौल नासा, तारे का दिल केंद्र में दफ्न है, जो लयबद्ध तरीके के साथ धड़क रहा है। विस्फोट हुए तारे का केंद्र उसका 'दिल' है, जिसे हम न्यूट्रॉन तारे के रूप में जानते हैं।
न्यूट्रॉन तारे का द्रव्यमान सूर्य जैसा ही है, लेकिन यह एक घने गोले में सिकुड़ा हुआ है। जिसकी चौड़ाई ज्यादा नहीं, बस कुछ मील ही है। हरे रंग की चमक के केंद्र में चमकदार सितारे जैसी कोई ब्रह्मांडीय वस्तु झलक रही है।
नासा की इस तस्वीर के केंद्र में क्रैब नेबुला का चमकदार दिल दिखाई दे रहा है। साथ ही सुदूर अंतरिक्ष में दूर-दूर तक तारे बिखरे हुए हैं, जो हल्के हरे रंग की रोशनी के साथ टिमटिमा रहे।
