Universe Mystery: ब्रह्मांड में अनेकों आकाशगंगाएं हैं, लेकिन जब कभी आकाशगंगा का जिक्र होता है तो झटपट ज़हन में हमारी अपनी मिल्की-वे आकाशगंगा का नाम याद आता है, क्योंकि इसके सौरमंडल में स्थित पृथ्वी नामक ग्रह पर आप और हम रहते हैं, लेकिन आज चर्चा एक अन्य आकाशगंगा की होगी जिसे दूर से देखने पर वह आकाशगंगा जैसी नहीं प्रतीत होती है, पर है वो एक आकाशगंगा ही।
क्या है आकाशगंगा का नाम?
पृथ्वी से लगभग 7 करोड़ प्रकाश वर्ष दूर एक ऐसी आकाशगंगा है, जो दूर से लाल रंग की चमक रही है और उसके आसपास धूल से भरा हुआ क्षेत्र भी मौजूद है। इस आकाशगंगा को हम एनजीसी 972 के नाम से जानते हैं। हाल ही में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने एनजीसी 972 आकाशगंगा की हैरतअंगेज तस्वीर जारी की है।
हबल स्पेस टेलीस्कोप द्वारा कैप्चर एनजीसी 972 के नजारे में तारा निर्माण क्षेत्र के चमकील, रंगीन धब्बे लाल गुलाब की तरह खिलते हुए प्रतीत हो रहे हैं। बता दें कि एनजीसी 972 एक स्पाइरल आकाशगंगा है जिसके चारों ओर एक चमकीला पीला कोर और तारा निर्माण क्षेत्र का लाल प्रकाश दिखाई दे रहा है।
कब हुई थी एनजीसी 972 की खोज?
जर्मन-ब्रिटिश खगोलविद विलियम हर्शेल ने साल 1784 में पहली बार एनजीसी 972 को देखा था। यह आकाशगंगा मेष तारामंडल में स्थित है। इसे उत्तरी गोलार्ध से आसानी से देखा जा सकता है। बकौल नासा, लाल गुलाब की तरह दिखाई देने वाली चमक हाइड्रोजन गैस और आसपास के नवजात तारों से निकलने वाली तीव्र रोशनी के बीच प्रतिक्रिया के कारण उत्पन्न हो रही है।
