Scary Eyes Pairs in The Universe: ब्रह्मांड में कई ऐसी वस्तुएं मौजूद हैं जिनके बारे में सामान्य लोगों का जान पाना लगभग मुश्किल है, लेकिन अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) लगातार उन्नत टेलीस्कोपों की मदद से अद्भुत नजारों को कैप्चर करता आया है जिसकी वजह से सामान्य लोग उनसे दो-चार हो पाए हैं और ब्रह्मांडीय नजारों को देख विस्मय से भर गए। हाल ही में नासा ने सुदूर अंतरिक्ष में मंडरा रही एक जोड़ी डरावनी आंखों की तस्वीर जारी की।
क्या है ब्रह्मांड में डरावनी आंखों की जोड़ी?
नासा ने हैलोवीन के मौके पर जेम्स वेब टेलीस्कोप और हबल स्पेस टेलीस्कोप की मदद से कैप्चर किए गए अनोखे नजारे को साझा किया। दरअसल, यह ब्रह्मांडीय आंखें नहीं, बल्कि दो आकाशगंगाएं हैं। बाईं ओर की छोटी स्पाइरल आकाशगंगा आईसी 2163 है, जबकि दाईं ओर की आकाशगंगा एनजीसी 2207 है, जो एक-दूसरे से टकराती हुए प्रतीत हो रही हैं।
बकौल नासा, संभव है कि यह जोड़ी कई लाखों सालों के दौरान एक-दूसरे के पास से गुजर सकती हैं और उनके केंद्र और आर्म्स का विलय हो सकता है जिसकी बदौलत नए आकार की भुजाएं और केंद्र में और भी ज्यादा चमकदार साइक्लोप्स जैसी आंख रह जाएं।
तेजी से हो सकता है तारों का जन्म
काफी भीड़भाड़ इलाकों वाली ये आकाशगंगाएं महज एक पृथ्वी वर्ष में हमारे सूर्य के आकार जितने दो दर्जन नए तारों को जन्म दे सकती हैं, जो हमारी घरेलू मिल्की-वे आकाशगंगा की तुलना में काफी ज्यादा है। दरअसल, मिल्की-वे सालाना दो या तीन नए सूर्य जैसे तारों का निर्माण करती है।
आकाशगंगाओं का आकार
बाईं ओर दिखने वाली आकाशगंगा IC 2163 छोटी प्रतीत हो रही है, लेकिन इसका व्यास लगभग हमारी मिल्की-वे के बराबर है, जो एक लाख प्रकाशवर्ष है, जबकि दाईं ओर वाली NGC 2207 का व्यास 1.43 लाख प्रकाश वर्ष है। तस्वीर को ध्यान से देखने पर इसमें आपको नीले और लाल क्षेत्र दिखाई देंगे। नीले क्षेत्र तेजी से बनने वाले तारों के समूह, जबकि लाल क्षेत्र तारों को ढकने वाली धूल को दर्शाते हैं।
