New Discovery on Mars Planet: मंगल ग्रह वैज्ञानिकों के सबसे पसंदीदा ग्रहों में से एक है और इस रेड प्लैनेट को लेकर विभिन्न प्रकार के कई अध्ययन हो रहे हैं। हाल ही में अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के पर्सिवियरेंस रोवर (Perseverance Rover) ने मंगल ग्रह पर काली और सफेद धारियों वाली एक रहस्यमयी चट्टान को कैप्चर किया, जो देखने में अजीब सी 'जेबरा रॉक' जैसी है।
क्या पहले कभी नहीं दिखी जेबरा रॉक?
लाइव साइंस की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगल ग्रह पर खोजी गई रहस्यमयी 'जेबरा रॉक' को वैज्ञानिकों ने 'फ्रेया कैसल' नाम दिया है। दरअसल, यह चट्टान मंगल ग्रह पर देखी गई अन्य सभी चट्टानों से बेहद अलग है। नासा के वैज्ञानिकों ने एक बयान में बताया कि उन्हें 'फ्रेया कैसल' की तस्वीर 13 सितंबर को प्राप्त हुई, जब पर्सिवियरेंस रोवर उस क्षेत्र से आगे बढ़ चुका था।
वैज्ञानिकों ने 'फ्रेया कैसल' जैसी बनावट पहले कभी नहीं देखी है। उन्होंने कहा कि इसकी रासायनिक संरचना के बारे में हमारा ज्ञान सीमित है, लेकिन प्रारंभिक विश्लेषण से ऐसा लगता है कि आग्नेय या कायापलट प्रक्रियाओं की वजह से 'फ्रेया कैसल' में धारियां बनी होंगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, आग्नेय प्रक्रिया मैग्मा के क्रिस्टलीकरण से संबंधित हैं, जबकि कायापलट प्रक्रिया उच्च ताप और दबाव के कारण चट्टानों की संरचना में परिवर्तन करती हैं।
किस आकार की मिली रहस्यमयी चट्टान?
मंगल ग्रह पर खोजे गए 'फ्रेया कैसल' की चौड़ाई लगभग 8 इंच (20 सेंटीमीटर) है। बकौल रिपोर्ट, जेबरा रॉक वहां की चट्टानों से अलग है जिसकी वजह से ऐसा प्रतीत होता है कि यह कहीं और से आया हो सकता है। इस दौरान वैज्ञानिकों ने उम्मीद जताई कि जैसे-जैसे पर्सिवियरेंस रोवर आगे की ओर बढ़ेगा उसे जेबरा रॉक के और ज्यादा नमूने मिल सकते हैं।
बता दें कि पर्सिवियरेंस रोवर फरवरी 2021 में मंगल ग्रह पर उतरा था और तब से रोवर प्राचीन जीवन के संकेतों और रेड प्लैनेट के प्रारंभिक इतिहास के बारे में सुरागों की तलाश कर रहा है। फिलहाल 'फ्रेया कैसल' जेजेरो क्रेटर (Jezero Crater) पर रोवर द्वारा देखी गई सबसे दिलचस्प चट्टानों में से एक है।
