Sunita Williams: सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर (Butch Wilmore) अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। जून के पहले सप्ताह से दोनों ही अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं और अबतक दोनों की वापसी नहीं हो पाई है, लेकिन बोइंग (Boeing) के जिस कैप्सूल से दोनों अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (International Space Station) पर पहुंचे हैं, अब उसकी वापसी हो रही है।
कब हो रही है वापसी?
बोइंग अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से अपने खराब कैप्सूल को इस सप्ताह के अंत तक वापस लाने का प्रयास करेगा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने बुधवार को कहा कि बोइंग के स्टारलाइनर कैप्सूल के शुक्रवार शाम को आईएसएस से वापसी की सारी तैयारियां सही दिशा में हैं। पूरी तरह से स्वचालित इस कैप्सूल के छह घंटे बाद न्यू मैक्सिको के 'व्हाइट सैंड्स मिसाइल रेंज' में उतरने की उम्मीद है।
न जाने कब खत्म होगा 8 दिन का मिशन?
दोनों अंतरिक्ष यात्री 5 जून को 8 दिन के मिशन पर गए थे, लेकिन कैप्सूल के थ्रस्टर में समस्या और हीलियम लीक के कारण उनकी वापसी में देरी हो रही है। हालांकि, यह जरूर कहा जा रहा है कि अगले साल के दूसरे माह तक क्रू-9 मिशन के तहत सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की वापसी हो सकती है।

बोइंग स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट
NASA ने क्या कुछ कहा?
बकौल नासा, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर फिलहाल स्टारलाइनर से नहीं लौटेंगे और आईएसएस पर ही रहेंगे। उन्हें फरवरी में स्पेसएक्स की उड़ान से वापस लाया जाएगा। इस दौरान, नासा के वाणिज्यिक चालक दल कार्यक्रम प्रबंधक स्टीव स्टिच ने कहा कि हम स्टारलाइनर की वापसी को लेकर उत्साहित हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
