Bennu Asteriod: क्षुद्रग्रह यानी एस्टेरॉयड जैसे शब्दों से तो आप लोग वाकिफ होंगे और आए दिन यह पृथ्वी के करीब से भी गुजरते रहते हैं, लेकिन किसी एस्टेरॉयड को लेकर अगर वैज्ञानिक खुद हद से ज्यादा चिंतित हों तो क्या आपके कान नहीं खड़े हो जाएंगे। जी, हां। एक एस्टेरॉयड ऐसा है जिसे अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) संभावित तौर पर खतरनाक मानती है और लंबे समय से इस एस्टेरॉयड को लेकर वैज्ञानिक अध्ययन हो रहे हैं।
खतरनाक आसमानी आफत
वैज्ञानिकों के लिए बेन्नू नामक एक विशालकाय एस्टेरॉयड परेशानी का सबब बन सकता है। दरअसल, बेन्नू एस्टेरॉयड को संभवत: खतरनाक माना जा सकता है, क्योंकि बेन्नू हमारे ग्रह को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। हालांकि, अभी इससे डरने की जरूरत नहीं है।
कब हुई थी खोज?
लाइव साइंस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बेन्नू एस्टेरॉयड की सितबंर 1999 में खोज हुई थी। इसे '101955 बेन्नू (1999 RQ36)' के नाम से भी जाना जाता है। वैज्ञानिक गणना के मुताबिक, विनाशकारी बेन्नू 24 सितंबर, 2182 को पृथ्वी के करीब से गुजरेगा। इसलिए आपको अभी घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन आप इसके संभावित खतरे के बारे में जरूर जान लें।

बेन्नू एस्टेरॉयड
क्या पृथ्वी से टकराएगा बेन्नू?
वैज्ञानिकों ने बेन्नू के पृथ्वी से टकराने की 2700 संभावनाओं पर बात कही। बकौल रिपोर्ट, 2700 संभावनाओं में महज एक संभावना ऐसी है जब बेन्नू पृथ्वी से टकरा सकता है। हां, यह संभावना बिल्कुल मार्बल्स की 'एवेंजर्स फिल्म' में डॉ स्ट्रेंज द्वारा थाइनोस को मारने और पृथ्वी को बचाने की एक संभावना जैसी है। हालांकि, उनकी संभावना 1.4 करोड़ संभावनाओं में से एक थी।
बेहद पुराना है बेन्नू
बकौल रिपोर्ट, वैज्ञानिकों का मानना है कि बेन्नू एस्टेरॉयड 2 अरब से 70 करोड़ साल पहले एक बड़े एस्टेरॉयड से अलग हुआ होगा। सितंबर 2023 में NASA के OSIRIS-REX अंतरिक्ष यान की बदौलत बेन्नू का एक नमूना पृथ्वी पर आया। जिसकी दुनियाभर के शोधकर्ताओं की टीम जांच कर रही है।
शुरुआती जांच से पता चलता है कि बेन्नू में जीवन के निर्माण खंड शामिल हैं, जिसमें सरल अमीनो एसिड ग्लाइसिन और पानी वाले कई खनिज शामिल हैं। ऐसे में यह लगता है कि बेन्नू जब विघटित हुआ होगा तो उसने पानी से संबंधित कई घटनाओं को देखा होगा।
मचा सकता है भीषण तबाही
अगर बेन्नू एस्टेरॉयड पृथ्वी से टकराता है तो 1.4 बिलियन टन टीएनटी के विस्फोट जितनी ऊर्जा निकलेगी। जिसकी वजह उस जगह पर भारी तबाही मच सकती है, लेकिन इसके पास वैश्विक तबाही मचाने की क्षमता नहीं है। हालांकि, घनी आबादी वाले इलाके से अगर बेन्नू टकराता है तो लाखों लोगों की मौत हो सकती है।
