Punjab के बाद अब राजस्थान में राजनीतिक हलचल तेज! CM गहलोत के OSD लोकेश शर्मा ने दिया इस्तीफा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 19, 2021, 08:59 AM IST

पंजाब में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बाद राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है। लोकेश ही सीएम गहलोत का सोशल मीडिया देखते थे।

जयपुर: पंजाब में चल रहे राजनीतिक उठापठक के बीच राजस्थान से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने देर रात अपना इस्तीफा सीएम गहलोत को भेजा। इस्तीफे की वजह लोकेश शर्मा द्वारा किया गया एक ट्वीट बताया जा रहा है जिसके बाद कयासों का दौर शुरू हो गया था और उनके ट्वीट को पंजाब के घटनाक्रम के साथ भी जोड़कर देखा जाने लगा था। लोकेश शर्मा सीएम अशोक गहलोत के सोशल मीडिया का कामकाज संभालते थे।

किया था ये ट्वीट

पंजाब में चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच लोकेश शर्मा ने शनिवार को ट्वीट करते हुए लिखा था, 'मजबूत को मजबूर, मामूली को मगरूर किया जाए...। बाड़ ही खेत को खाए, उस फसल को कौन बचाए !!' यही ट्वीट उनके लिए मुसीबत बन गया और इसे पंजाब के राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़ा जाने लगा।  दरअसल पिछले काफी लंबे समय से राजस्थान में भी सचिन पायलट खेमा और अशोक गहलोत खेमे के बीच गुटबाजी देखने को मिली है। लोकेश के इस ट्वीट पर कई लोगों ने लिखा कि शायद अब राजस्थान का नंबर है।

इस्तीफे में कही ये बात

लोकेश शर्मा ने इस्तीफा देते हुए कहा कि मेरे द्वारा किये गए द्वीट को राजनैतिक रंग देते हुए, गलत अर्थ निकालकर पंजाब के घटनाक्रम से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने सीएम को भेजे अपने इस्तीफे में कहा कि कांग्रेस के किसी भी छोटे से लेकर बड़े नेता के संबंध में और प्रदेश की कांग्रेस सरकार को लेकर उन्होंने कभी कोई टीका टिप्पणी नहीं की। आपको बता दें कि राजस्थान के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस में गुटबाजी चल रही है। सियासी जानकार मानते हैं कि कांग्रेस आलाकमान दोनों राज्यों को लेकर भी फैसला ले सकता है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!